मवई (अयोध्या)। विकासखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में शनिवार को वॉलीबाल में हुनहुना की टीम ने बाजी मार ली। इससे पहले हुई कबड्डी स्पर्धा में अब्दुल हमीद इंटर कॉलेज व मदरसा की टीम संयुक्त रूप से विजेता घोषित की गई। इसके अलावा लंबी व ऊंची कूद और दौड़ में भी खिलाड़ियों ने भाग लिया।
मवई के खेल मैदान पर नेहरू युवा केंद्र व खेल मंत्रालय की ओर से आयोजित विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिता की शुरूआत पूर्व ब्लॉक प्रमुख निशात अली खां ने की। प्रतियोगिता में अब्दुल हमीद इंटर कॉलेज, मवई मदरसा, सिपहिया और हुनहुना के अलावा मवई ए, मवई बी और मवई सी टीम ने प्रतिभाग किया।
कबड्डी में अब्दुल हमीद इंटर कॉलेज और मवई मदरसा के बीच फाइनल मुकाबला हुआ, जिसमें दोनों टीमें बराबर के अंक पर रहीं और दोनों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। वहीं, वॉलीबाल मैच के फाइनल में हुनहुना और मवई सी के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में हुनहुना की टीम ने जीत दर्ज की।
मुख्य अतिथि ने विजेता व उप विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। इस मौके पर एहसाम अली, मो. आतिफ, मो. शमीम खां, शाहिद महमूद, मो. आतिर, मो. आशिफ अजय कुमार, सुरेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।