बोर्ड परीक्षा में 20 केंद्रों पर रहेगी खास निगरानी
अयोध्या। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की 06 फरवरी से होने वाली बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन व शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर विभागीय कसरत तेज हो गई है।
133 परीक्षा केंद्रों में आठ केंद्र अति संवेदनशील व 12 संवेदनशील के रूप में चिह्नित किए गए हैं। जहां सुरक्षा व्यवस्था के अतिरिक्त पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक में भी नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सरकार के निर्देश पर नकलविहीन व पारदर्शिता पूर्ण प्रशिक्षण संपन्न कराने के लिए इन दिनों तैयारियां जोरों पर है।
राजकीय इंटर कॉलेज के कोठार में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के प्रश्न पत्र लगभग आ चुके हैं, जबकि लगभग सात लाख उत्तर पुस्तिकाएं भी पहुंचने का दावा किया जा रहा है। जिन्हें गणतंत्र दिवस के बाद केंद्र व्यवस्थापकों को वितरित किया जाएगा।
कुल परीक्षा केंद्रों में चिह्नित किए गए संवेदनशील व अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों में माना जा रहा है कि एसटीएफ के साथ पुलिस की चौकसी बढ़ाई जाएगी। यहां स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट भी मौजूद रहेंगे।
परीक्षा के दौरान किसी भी अनियमितता की सूचना पर त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यालय पर स्थित बीआरसी कार्यालय पर कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इस पर प्रधानाचार्य रामजी राय व दूसरी पाली में बनवा के प्रधानाचार्य अशोक कुमार को प्रभारी बनाया गया है।
किसी भी सूचना के लिए प्रभारियों के मोबाइल नंबर के अलावा 05278-222599 नंबर भी जारी किया जाएगा। शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में जिले भर के सभी विद्यालयों का प्रवेश पत्र का वितरण शुरू हुआ है।
प्रधानाचार्या सुनीललता ने बताया कि पहले दिन कम संख्या में प्रवेश पत्र ले जाया गया है। तेजी से वितरण के लिए दोनों पालियों में स्टाफ तैनात किया गया है। सूचित कर दिया गया है, शीघ्रता से वितरण हो जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक अयोध्या आरबी सिंह चौहान ने बताया कि शासन की मंशानुरूप नकलविहीन परीक्षा कराने को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। लगभग सभी केंद्रों में सीसीटीवी व वाइस रिकॉर्डर लग चुके हैं।
किसी भी दशा में नकलयुक्त परीक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यालय में जरा सी भी अनियमितता पाए जाने पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गणतंत्र दिवस के बाद उत्तर पुस्तिकाएं और प्रश्न पत्र वितरित किए जाएंगे।