फैजाबाद। वकीलों को चाहिए कि वह राजनीतिक और सामाजिक दायित्वों को भी बखूबी निभाएं। काम नहीं करने के मामले में जिला पूर्व में पहले पायदान पर था अब उसने कमी आई है यह खुशी की बात है। ये बातें इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति व जिले के प्रशासनिक न्यायमूर्ति डीके उपाध्याय ने कहीं। वह कचहरी स्थित आचार्य नरेंद्र देव सभागार में वकीलों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बार की लाइब्रेरी के लिए पुस्तकें भी भेंट कीं। उन्होंने जहां युवा अधिवक्ताओं को वकालत के गुण बताएं, वहीं बुजुर्गों से आशीर्वाद भी लिया। उन्होंने कहा कि युवा वकील पेशे में आएं तो पूरी मेहनत से अपना केस तैयार करें और उसे कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत करें।
वकीलों को उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराते हुए कहा कि वादकारी को सही राय दें। उसका केस पूरी शिद्दत के साथ पेश करें। इसके बाद उन्होंने दीवानी न्यायालय प्रांगण का निरीक्षण किया। पहले वह नई बिल्डिंग स्थित अदालतों में गए, इसके बाद कचहरी के अतिरिक्त लॉक अप भवन का निरीक्षण कर निर्माणाधीन कोर्ट की बिल्डिंग निरीक्षण करने पहुंचे।
उन्होंने योजना प्रबंधक संतोष कुमार व स्थानिक अभियंता प्रशांत यादव को निर्माणाधीन बिल्डिंग को जल्दी बनवाने का निर्देश दिया। मौके पर जिले के न्यायिक अधिकारी समेत बार पदाधिकारी मौजूद रहे।