फैजाबाद। सीतापुर में वकीलों की गिरफ्तारी के विरोध में यहां बार एसोसिएशन की बैठक हुई। अधिवक्ताओं ने कामकाज ठप रखा और कचहरी में प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
वकीलों के खिलाफ सीतापुर में हुए पुलिसिया उत्पीड़न के विरोध में आए प्रस्ताव पर बार एसोसिएशन की शनिवार को बैठक बुलाई गई। बैठक में पुलिस के कृत्य की निंदा की गई और विरोध स्वरूप कार्य से विरत रहने का प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में सीतापुर जाकर वहां के अधिवक्ताओं से मिलने और आवश्यक समर्थन देने का मत कई वक्ताओं ने व्यक्त किया। इसके बाद संघ अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में वकीलों ने पूरी कचहरी में विरोध प्रदर्शन किया।
बैठक को सौरभ मिश्र, एसएन सिंह, संजीव दुबे, कालिका प्रसाद मिश्र, नलिन सिंह समेत कई वकीलों ने संबोधित किया। प्रदर्शन में उपाध्यक्ष बीएल वर्मा, मंत्री परविंद कुमार मिश्र, प्रदीप कुमार चौबे, शैलेंद्र जायसवाल, श्रीधर मिश्र और आदित्य पांडेय समेत कई लोग मौजूद रहे।