दुर्गा पूजा की धूम, 1166 पंडालों के कपाट खुले
फैजाबाद। शारदीय नवरात्र की सप्तमी मंगलवार को देर शाम तक चले हवन-पूजन के बाद शहर से लेकर देहात तक सभी 1166 दुर्गा पूजा पंडालों में स्थापित माता रानी और झांकियों के पट खुल गए।
भक्ति गीतों से पूरा शहर गूंज उठा। गली और मोहल्ले रंग बिरंगी लाइटों से रोशन हो उठे हैं। दिन ढलते ही आकर्षक झांकियों को देखने की अपार भीड़ उमड़ रही है।
प्रशासन ने शहरों व कस्बों में भीड़ के मद्देनजर वाहनों का प्रवेश वर्जित कर रूट डायवर्ट कर दिया है, जिन मुख्यमार्गों पर रूट डायवर्जन संभव नहीं है, वहां घंटों जाम से यात्री परेशान हैं।
सप्तमी को शहर के करीब 175 पंडालों के कपाट खुलने के साथ जिले में 1166 दुर्गा पंडालों में पूजा-पाठ और दर्शन का दौर शुरू हो गया। शाम होते ही पंडाल और मंदिर जगमग हो उठे। शहर व गांव के भक्तों के कदम दुर्गा पूजा पंडालों की ओर बढ़ गए।
हाल यह रहा कि रात नौ बजे चौक से नाका, चौक से रिकाबगंज, फतेहगंज से देवकाली और चौक से अमानीगंज मार्ग पर लोगों की भीड़ ही चलती रही। इन मार्गों पर वाहनों का चलना पूरी तरह ठप रहा।
वहीं, सप्तमी पर दुर्गा पंडालों और मंदिरों में वैदिक मंत्रों के वाचन के बीच ‘ऊं ऐं ह्रीं क्लीं चामुंडायै विच्चै नम:’ मंत्र के उच्चारण के साथ मां कालरात्रि की पूजा हुई।
भक्ति के साथ कलाकारी का नायाब नमूना देखने के लिए पंडालों में शाम को सैलाब दिखा। भक्तों ने मां को नारियल-चुनरी चढ़ाकर मनोकामना मांगी। भक्ति गीतों व मां के जयकारों से समूचा वातावरण भक्तिमय दिखा।
नाका चुंगी, चौक, गणेशनगर मकबरा, राम जानकी मंदिर फतेहगंज, रिकाबगंज आदि तमाम स्थानों पर स्थापित दुर्गा प्रतिमा पंडाल में भक्तों की खासी भीड़ रही। शाम को भक्तों के आने का दौर शुरू हुआ तो यह सिलसिला देर रात तक चला।
रामजानकी मंदिर, नाका, चौक, नाका हनुमानगढ़ी, रामजानकी मंदिर, मकबरा गणेश नगर के पंडालों पर दर्शन के लिए लंबी लाइन मध्यरात्रि तक लगी रही।
वहीं रुदौली, गोसाईगंज, बीकापुर, कुमारगंज, मया, पूरा, मसौधा, मवई, सोहावल, हनुमतनगर, दर्शननगर, चौरे बाजार, इनायतनगर, बड़ागांव समेत अन्य ग्रामीण इलाकों के गांवों व बाजारों माता का दरबार सज गया।
भारी संख्या में दर्शनार्थी पूजन व दर्शन कर रहे हैं। कई दुर्गा पंडालों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम व चल चित्र के माध्यम से भक्ति की धारा बह रही है। पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।
सभी पूजा पंडालों में मां के कपाट खुलने से दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसको लेकर प्रशासन ने ट्रैफिक पर नियंत्रण करने के लिए रूट डायवर्जन लागू कर दिया है।
पुलिस की सख्ती व पूर्व सूचना के बाद भी जगह-जगह श्रद्धालु व स्थानीय लोग ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से उलझते नजर आए। शहर के रिकाबगंज, चौक, फतेहगंज, नाका, रीडगंज आदि इलाकों में सभी तरह के वाहनों का प्रवेश नहीं होने दिया।
टीएसआई इंद्रजीत यादव ने बताया कि शहर में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध व रूट डायवर्जन गुरुवार तक जारी रहेगा। वहीं, एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया ने बताया कि सभी पूजा पंडालों पर सुरक्षाबल की तैनाती की गई है।
पूरे शहर में सादी वर्दी में पुलिस व खुफिया विभाग के कर्मी संदिग्धों पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों से व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।