फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

6 से 9 अगस्त तक बाराबंकी से अयोध्या हाइवे रहेगा बंद

विज्ञापन
विज्ञापन
फैजाबाद। सावन में त्रयोदशी पर अयोध्या में कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना से पुलिस ने रूट डायवर्जन का चार्ट तैयार कर लिया है। इसके तहत छह अगस्त की शाम से नौ अगस्त की शाम तक बाराबंकी से अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग व अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर और रायबरेली राजमार्ग पर बड़े व छोटे सभी प्रकार के वाहनों के आने पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान केवल कांवड़ियों के साधन ही आ-जा सकेंगे। इससे पूर्व इन अवसरों पर हाईवे की सिर्फ एक लेन सुरक्षित की जाती थी, लेकिन इस बार ये मार्ग पूर्णतया बंद रहेंगे।
विज्ञापन


सावन में कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी पर श्रावण शिवरात्रि पर अयोध्या में सरयू नदी से जल लेने के लिए बस्ती, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, बाराबंकी समेत अन्य जनपदों से लाखों कांवड़िए आते हैं। हर वर्ष इनकी सुरक्षा पुलिस के लिए चुनौती होती है। इसको लेकर इस बार भी पुलिस ने सुरक्षा का मजबूत खाका खींचा है। इ

सी के तहत रूट डायवर्जन मैप भी तैयार किया गया है। इसके तहत हाईवे पर छह अगस्त की शाम से नौ अगस्त तक भीड़ समाप्ति तक जनपद गोंडा, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, बाराबंकी से आने वाले सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
विज्ञापन


इसी तरह गोंडा के लकड़मंडी चौराहे से सभी प्रकार के वाहन अयोध्या में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। वहीं, फैजाबाद से आने वाले वाहन श्रीराम अस्पताल तक आ सकेंगे तो रामघाट चौराहा से साकेत पेट्रोल पंप व नयाघाट की ओर सभी वाहनों का प्रवेश निषेध होगा।

ये है रूट डायवर्जन
- लखनऊ से गोरखपुर, बस्ती जाने वाले वाहन बाराबंकी से जरवल रोड, कर्नलगंज, उतरौला, डुमरियागंज होते हुए जाएंगे। गोरखपुर से लखनऊ जाने वाहन भी इसी रोड से गुजरेंगे।
- गोंडा, बलरामपुर से लखनऊ जाने वाले वाहन कर्नलगंज, जरवल रोड, रामनगर चौराहा होते हुए बाराबंकी-लखनऊ को जाएंगे।
- इलाहाबाद, सुल्तानपुर की ओर से बस्ती, गोरखपुर जाने वाले वाहन सुल्तानपुर से कादीपुर, शाहगंज, आजमगढ़, दोहरीघाट होते हुए गोरखपुर जाएंगे।
- अंबेडकरनगर से बस्ती जाने वाले वाहन अतरौलिया, आजमगढ़, दोहरीघाट होते हुए गोरखपुर जाएंगे।
- रायबरेली, अमेठी से गोरखपुर जाने वाले वाहन अमेठी से कादीपुर, शाहगंज, आजमगढ़, दोहरीघाट होते हुए गोरखपुर जाएंगे।

पुल व हाईवे पर तैनात होंगे पुलिसकर्मी
अयोध्या में 14 अगस्त से शुरू होने वाले सावन झूला मेला और कांवड़ियों की उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया है। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए इस बार हाईवे व पुल पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके लिए संबंधित थाना पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया के अनुसार पूरे मेला जोन को सात जोन, 25 सेक्टर व 66 माइक्रो सेक्टर में बाटा गया है। इसकी सुरक्षा के लिए दो कंपनी आरएएफ, दो कंपनी पीएसी, 1200 आरक्षी, 500 एसआई, 70 निरीक्षकों की तैनाती की जा रही है। इसके अलावा होमगार्ड, पीआरडी व एनसीसी कैडेट भी सुरक्षा में सहयोग प्रदान करेंगे।

ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
एसपी सिटी के अनुसार असामाजिक तत्वों पर निगाह रखने के लिए मेला क्षेत्र में एक दर्जन से ज्यादा स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा पहले से लगे कैमरों को दुरुस्त कराया गया है। मेला क्षेत्र में विशेष दबाव वाले स्थान नयाघाट, सरयू तट, हनुमानगढ़ी आदि पर ड्रोन कैमरे से भी नजर रखी जाएगी। बताया कि कांवड़ियों की भीड़ में कहीं असामाजिक तत्व न शामिल हो जाएं, इसके लिए भीड़ में सादी वर्दी में पुलिस के जवानों के साथ खुफिया विभाग के कर्मी तैनात किए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें