आगरा में होगी एशियन स्कूल फुटबाल प्रतियोगिता
फैजाबाद। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आगरा में 20 से 30 सितंबर तक एशियन स्कूल फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रतिभाग के लिए चुनी जाने वाली भारतीय टीम का चयन ट्रायल भी कानपुर में आयोजित किया जाएगा। चयन ट्रायल के लिए चुने गए संभावित खिलाड़ियों में तीन खिलाड़ी प्रदेश के हैं। अंडर-18 एशियन स्कूल फुटबाल प्रतियोगिता 20 से 30 सितंबर के बीच आगरा में होगी। एसजीएफआई के महासचिव राजेश मिश्र ने बताया कि विभागीय उपेक्षा के चलते स्कूल खेल का बजट कम कर दिया गया है। इससे प्रदेश में राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन नही हो पा रहा था। इसलिए एसजीएफआई ने प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजन कराने का निर्णय लिया है।
भारतीय स्कूल फुटबाल टीम का चयन 28 से
भारतीय टीम का चयन ट्रायल कानपुर में 28 व 29 जुलाई को रखा गया है। इसके लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के संभावित खिलाड़ियों को पहले चुना जा चुका है। चयन ट्रायल में प्रतिभाग के लिए चयनित खिलाड़ियों को 27 जुलाई को उपस्थित होना है। फुटबाल कोच आरडी पाल और दिनेश सिंह को प्रभारी नियुक्त किया गया है।
प्रदेश के तीन खिलाड़ी चुने गए
इनमें प्रदेश के तीन खिलाड़ी मो इरफान, मनीष यादव और मो इमरान को 28 व 29 जुलाई को कानपुर के ग्रीन पार्क में आयोजित होने वाली फुटबाल टीम के चयन ट्रायल में प्रतिभाग के लिए बुलावा भेजा गया है। इसकी पुष्टि डा. भीमराव अंबेडकर राज्य विद्यालय क्रीड़ा संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी अभिमन्यू सिंह ने की है।