बड़ागांव। फैजाबाद-लखनऊ रेल प्रखंड के बीच बड़ागांव रेलवे क्रॉसिंग पर बालू लदे दो ओवरलोड ट्रक का एक्सल टूट गया। दोनों ट्रक क्रॉसिंग पर फंस गए। इससे साढे़ पांच घंटे गाड़ियों का आवागमन प्रभावित रहा।
रेलवे विभाग के आला अफसर मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 8:30 बजे ट्रकों को हटवाकर रास्ता खुलवाया।
मामला रविवार लगभग साढे़ तीन बजे सुबह का है। बडागांव रेलवे क्रॉसिंग पर बालू लदे दो ट्रक एक्सल टूट जाने से फंस गए।
रेलवे की इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने जेसीबी व टैक्टर के माध्यम से ट्रकों को हटवाया। बड़ागांव स्टेशन मास्टर अभिनाश शर्मा ने बताया कि गेटमैन राजकुमार ने सुबह साढे़ तीन बजे ट्रैक पर ट्रक के फंसे होने की सूचना दी।
इससे डाउन में साबरमती एक्सप्रेस, जनता एक्सप्रेस, कैफियात सहित आठ गाड़ियां स्टेशनों पर खड़ी रहीं। ये सभी गाड़ियां पांच घंटे तक लेट हुई।
फैजाबाद आरपीएफ के एसआई उरन सिंह नेगी ने बताया कि एक ट्रक चालक पंकज यादव को गिरफ्तार कर लिया गया, दूसरे की तलाश हो रही है।