अयोध्या-फैजाबाद महायोजना पर मंथन
फैजाबाद। अयोध्या-फैजाबाद महायोजना पर शुक्रवार को गहन मंथन हुआ। विकास प्राधिकरण के सभागार में हुई समीक्षा बैठक में 18 गांवों के सर्वे और उन्हें शामिल होने पर भी चर्चा हुई। इस मौके पर अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने जनहित के कई प्रस्तावों को बनाने पर जोर दिया।
विधायक ने फैजाबाद शहर के जोगीतारा क्षेत्र में आरसीसी नाला के समानांतर सीसी रोड और मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली सीसी रोड व पेवर ब्लॉक एवं नालियों के निर्माण के लिये जोर दिया। जिस पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने इन कार्यों का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे जाने के लिए आश्वस्त किया।
महायोजना में विधायक श्री गुप्त ने प्रस्ताव रखा कि शहर के विकास के लिये जो भी प्रस्ताव किये जायें, व्यवहारिक हों। मुख्य सड़कों पर व्यवसायिक व शोरूम इत्यादि प्रस्तावित किए जाएं तो एक निश्चित दूरी तय कर दी जाए।
नगर के अंदर जहां पर भूमि का जिस प्रकार प्रयोग हो रहा है यथासंभव उसी प्रकार भूमि का चिह्नांकन किया जाय। वहीं महायोजना नियोजक ने बताया कि पूर्व में महायोजना बनाकर शासन को भेजी गयी थी, लेकिन कतिपय आपत्तियों के कारण वापस कर दिया गया।
चर्चा हुई कि नये महायोजना का प्रारुप तैयार होने पर प्राधिकरण क्षेत्र में निवास करने वाले लोगो से आपत्ति व सुझाव लिये जाएंगे। विधायक की ओर से अवस्थापना समिति की ओर से स्वीकृति कुल 32 कार्यों के टेंडर मांगे जाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्राधिकरण के उपाध्यक्ष चुनकू राम पटेल, सहायक नगर नियोजक श्रीराम सिंह, सहयुक्त नियोजक डीएन तिवारी, सहायक अभियंता मुन्नालाल व अन्य अधिकारी, कर्मचारी रहे।