दो रोमियो पुलिस के हत्थे चढे़
मवई। थानाक्षेत्र में बुधवार रात दो युवकों को फोन पर एक लड़की को परेशान करना महंगा पड़ गया। लड़की की मां की सूचना पर पहुंची यूपी-100 टीम दोनों युवकों को पकड़कर बाबा बाजार चौकी ले गई, जहां गुरुवार दिनभर पुलिस बीच का रास्ता निकालने में जुटी रही। हालांकि देर शाम मवई थाना प्रभारी ने दोनों युवकों पर कार्रवाई की बात कही है।
मवई थाना क्षेत्र के भक्तनगर में रहने वाली एक युवती को पटरंगा थाना क्षेत्र के सीवन वाजिदपुर निवासी मशरुर मोहम्मद पुत्र मुशीर और शान मोहम्मद पुत्र रईस आए दिन फोन पर परेशान करते थे। इससे तंग आकर बुधवार शाम लड़की ने मिलने के बहाने दोनों युवकों को घर बुलाया। जब दोनों युवक लड़की के घर पहुंचे तो उसकी मां ने यूपी-100 पर सूचना देकर पुलिस बुला ली। पुलिस टीम ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर बाबाबाजार चौकी पहुंचा दिया।
चौकी इंचार्ज रमापति सिंह ने बताया कि लड़की की मां ने दोनों युवकों के विरुद्ध तहरीर दी है। वहीं, प्रभारी निरीक्षक मवई अमर सिंह ने बताया कि मामले की जांच में प्रथम दृष्टया पता चला कि लड़के और लड़की में फोन पर बातचीत होती थी। बुधवार को जब लड़की की मां को इसकी जानकारी हुई तो उसने लड़कों को मिलने के बहाने बुलवाकर पकड़वा दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि, पकड़े गए दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।