रेलवे का सर्वर डाउन होने से बुकिंग ठप, हंगामा
भीषण गर्मी में अन्य स्टेशनों के चक्कर लगाने को मजबूर लोग
अमर उजाला ब्यूरो
गोसाईगंज (फैजाबाद)। गोसाईगंज रेलवे स्टेशन पर दो जून से ठप हुआ रेलवे का सर्वर गुरुवार को भी सही नहीं हो सका, जिसके कारण बुकिंग खिड़की पर यात्रियों ने हंगामा किया। सेवा संचालित न होने से यात्रियों को भीषण गर्मी में अन्य रेलवे स्टेशनों का चक्कर लगाना पड़ रहा है।
शिवगढ़ निवासी अजय बरई, गुंजन, निसार अहमद, निरंजन कुमार कई दिनों से आरक्षण केंद्र पर सुबह से ही लाइन में लगे रहते हैं, लेकिन अंत में बताया जाता है कि सर्वर डाउन है, जिसके चलते लोगों में आक्रोश है। यात्री परेशान होकर अकबरपुर या फैजाबाद जाने को मजबूर हैं। इस स्टेशन पर आये दिन नेटवर्क खराब रहता है, जिससे विभाग को लाखों रुपये क्षति हो रही है। गुरुवार को बुकिंग कराने गये यात्रियों ने बुकिंग न होने पर हंगामा शुरू कर दिया, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद शांत कराया गया। सहायक स्टेशन मास्टर प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि सर्वर डाउन होने से प्रतिदिन काफी नुकसान हो रहा है, विभाग को अवगत करा दिया गया है।