प्यार का इजहार, पार्क व रेस्तरां रहे गुलजार
अयोध्या। वेलेंटाइन-डे पर शहर के पार्कों-उद्यानों व रेस्तरां में लोगों ने जमकर मस्ती की। कहीं प्रेमी युगल हाथ में हाथ डाले घूमते नजर आए तो, कहीं लोग अपने परिवार संग खुशी बांटते दिखे।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए एसएसपी जोगेंद्र कुमार के निर्देश पर एसपी सिटी अनिल कुमार सिंह सिसौदिया के नेतृत्व में नगर के सभी पार्कों व सार्वजनिक स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। एंटी रोमियों दस्ता समेत महिला थाने की प्रभारी तैनात रहीं। हालांकि किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
वेलेंटाइन-डे पर शहर के पार्कों व उद्यानों में रौनक छाई रही। कंपनी गार्डन, गुलाबबाड़ी, शहीद उद्यान समेत अयोध्या के राजघाट, राम की पैड़ी व सरयू तट पर लोगों की भीड़ उमड़ी।
वहीं, प्रेमी युगल भी इसमें पीछे नहीं रहे, लाख प्रतिबंधों के बावजूद हाथ में हाथ डाले वो भी पार्कों में घूमते नजर आए। होटल-रेस्तरां में भी लंच-डीनर की पार्टियां सजी थीं। इस बार हिंदु युवा वाहिनी व हिंदू महासभा या शिवसेना की ओर से कहीं भी प्रेमी युगलों को तंग करने की घटनाएं सामने नहीं आईं।
एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया ने बताया कि नगर के प्रमुख पार्क गुलाबबाड़ी, राजघाट व कंपनी गार्डन समेत चौक, बजाजा समेत अन्य इलाकों में सादी और वर्दी में महिला और पुरुष कर्मियों की तैनाती की गई थी।
बताया कि पार्कों में घूम रहे जोड़ों को मर्यादा में रहने की नसीहत दी गई। वहीं महिला थाने की प्रभारी प्रियंका पांडेय अपनी टीम के साथ शहर के विभिन्न स्थलों पर भ्रमण करती रहीं। घूम रहे लोगों व प्रेमी युगल को एंटी रोमियो अभियान के बारे में जानकारी दी गई।