बीकापुर कस्बा का मामला, पता नहीं चल सका खुदकुशी का कारण
बीकापुर (फैजाबाद)। कस्बा निवासी आटो व्यापारी शरद कुमार शर्मा उर्फ लल्ला (38) ने मंगलवार दोपहर अपने घर में लाइसेंसी पिस्तौल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। शरद के भाई राहुल शर्मा बीकापुर की भाजपा विधायक शोभा सिंह के प्रतिनिधि हैं।
बीकापुर कस्बा निवासी शरद कुमार शर्मा मंगलवार दोपहर अपने घर में थे। उनकी मां व पत्नी दूसरे कमरे में थीं जबकि अन्य परिवारीजन अपने-अपने कार्य से बाहर गए थे। इस दौरान अचानक शरद के कमरे से गोली चलने की आवाज आई तो पत्नी व मां भागकर उनके कमरे में पहुंचीं।
जहां शरद खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। शरद की कनपटी पर गोली लगी थी और पास में ही उनकी लाइसेंसी पिस्तौल पड़ी थी। परिवारीजनों ने एंबुलेंस मंगाकर शरद को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया।
तीन भाइयों में दूसरे नंबर के शरद बेहद मिलनसार स्वाभाव के थे। उनके सात वर्ष का पुत्र है। शरद के भाई राहुल शर्मा ने बताया कि घटना के समय कमरे में अन्य कोई नहीं था। ऐसे में आशंका है कि शरद ने लाइसेंसी पिस्तौल से गोली मारकर खुदकुशी की है।
हालांकि उनके खुदकुशी करने की वजह सामने नहीं आ सकी है। उपनिरीक्षक बाबूराम राजवंशी ने बताया कि, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की गई है, अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।