बिजली गिरने से किसान की मौत
महबूबगंज। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के ईशापुर गांव में रविवार की सुबह बिजली गिरने से धान की रोपाई करने खेत गए 60 वर्षीय किसान की खेत में ही मौत हो गई। मौके पर नायब तहसीलदार ने व पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी श्रीराम (60) पुत्र मतई रविवार की सुबह धान की रोपाई करने के लिए अपनी पत्नी के साथ खेत में सिंचाई कर रहे थे। इसी बीच उनकी पत्नी चाय नाश्ता लेने घर चली गई। सुबह लगभग 8.30 बजे घनघोर बादलों के बीच जोरदार बिजली चमकी। जब श्रीराम की पत्नी वापस खेत पर आई तो देखा कि श्रीराम खेत में गिरे पड़े थे, कमीज सीने के पास जल गई थी, सीने पर कहीं-कहीं जलने के भी निशान थे। रोने-बिलखने की आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीण किसान को उठाकर घर ले आए और स्थानीय चिकित्सक को बुलाया गया, जांच के उपरांत डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर नायब तहसीलदार विनीत कुमार, उपनिरीक्षक गोसाईगंज अमर बहादुर सिंह, ग्राम प्रधान ईशापुर मनोज पांडेय, बसपा नेता दिलीप कुमार विमल, लेखपाल केशव गुप्ता आदि पहुंचे। सभी ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। एसआई अमर बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है।