बदहाल सड़क की मरम्मत न होने पर किया मार्ग जाम
जलभराव से त्रस्त ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
मवई (फैजाबाद)। मवई कस्बे के मुख्य मार्ग पर जलभराव से त्रस्त ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट गया। ग्रामीणों ने मवई से हाइवे जाने वाले लिंक मार्ग पर एकत्र होकर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। बाद में आरटीआई कार्यकर्ता शाहिद महमूद के समझाने-बुझाने पर लोग शांत हुए। हालांकि ग्रामीणों ने कहा कि यदि ईद से पहले सड़क नहीं बनी तो अनशन पर बैठेंगे।
ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग का मरम्मत कई वर्षों से नहीं हुआ है, जिससे यहां प्राय: जलभराव की समस्या हो जाती है। जनप्रतिनिधियों से मांग करने पर मवई चौराहा से मवई थाने तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत मरम्मत कार्य शुरू हुआ लेकिन आधा-अधूरा कार्य कराकर मरम्मत कार्य बंद कर दिया गया। जिससे यह सड़क तालाब का रूप धारण कर चुकी है। संजय, सुरेंद्र, मोहनलाल, दीप सिंह, हरी लाल, दाताराम, विमला देवी व रक्षा देवी का कहना है कि उनके गांव की सड़क पर पानी भरा हुआ है। लोगों ने कई बार विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों से मामले की शिकायत की लेकिन सभी ने अनसुना कर दिया। जलभराव होने से मार्ग में गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिसमें गिरकर लोग रोजाना चोटहिल हो रहे हैं। इस बारे में ग्रामीण अभियंत्रण के सहायक अभियंता सैयद मेंहदी हैदर रिजवी ने बताया कि बजट के अनुरूप कार्य करवाया जा रहा है, यदि बजट रहेगा तो शेष निर्माण भी करवाया जाएगा।