क्षेत्रीय भर्ती केंद्र के संयोजन मेें डोगरा रेजीमेंटल ग्राउंड पर आयोजित सात दिवसीय सेना भर्ती मेले के दूसरे दिन शनिवार को दौड़ लगाने वाले अभ्यर्थियों की संख्या अधिक रही। भर्ती मेले को लेकर जिला पुलिस व प्रशासन की ओर से सुरक्षा के चौकस इंतजाम किए गए थे।
भर्ती के दूसरे दिन अंबेडकरनगर जनपद के 4731 अभ्यर्थियों ने टोकन लेकर शारीरिक परीक्षण कराकर दौड़ लगाई। इनमें से 350 को मेडिकल परीक्षण आदि के लिए सफल घोषित किया गया। रविवार को भर्ती के लिए प्रतापगढ़ जनपद के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
क्षेत्रीय भर्ती बोर्ड की ओर से सेना में जनरल ड्यूटी, तकनीकी, ट्रेडमैन तथा क्लर्क/स्टोर कीपर के लिए अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन भराया गया था। सेना भर्ती मेले के दूसरे दिन शनिवार को ऑनलाइन आवेदन करने वाले पड़ोसी जनपद अंबेडकरनगर के सात हजार 557 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था।
भोर से ही पड़ोसी जनपद के अभ्यर्थियों की भीड़ डोगरा रेजीमेंटल सेंटर के ग्राउंड की ओर जाने वाले मार्ग पर मुख्य डाकघर के आसपास एकत्र होने लगी। ग्राउंड की ओर जाने वाले मार्ग पर भर्ती बोर्ड की ओर से लगाई गई टीम ने आवेदन फॉर्म का प्रिंट आउट चेक कर भर्ती प्रक्रिया में प्रतिभाग करने पहुंचे चार हजार 731 अभ्यर्थियों को टोकन आवंटित किया।
इसके बाद ये अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षण व दौड़ प्रक्रिया में शामिल होने के लिए ग्राउंड पहुंचे। जहां शारीरिक परीक्षण में नापजोख के अलावा जिग-जैग पर वॉक, बीम चूमने की कवायद तथा निर्धारित दूरी की दौड़ में शामिल होना पड़ा।
शारीरिक परीक्षण व दौड़ के बाद मेडिकल परीक्षण आदि के लिए सफल घोषित 350 अभ्यर्थियों को रोका गया और उनकी बायोमीट्रिक पहचान दर्ज की गई, जबकि अन्य अभ्यर्थियों को लौटा दिया गया। रविवार को भर्ती में सोल्जर जनरल ड्यूटी पद के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले प्रतापगढ़ जनपद पांच हजार 451 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।