रविवार को जिले के लगभग तीन लाख 35 हजार बच्चों को बूथ लगाकर पोलियो वैक्सीन पिलाई जाएगी। इसके लिए एक हजार 271 स्थानों पर बूथ लगाए जाएंगे। सीएमओ ने पोलियो उन्मूलन से जुड़ी सारी तैयारियां पूरी होने का दावा किया है।
इसी सिलसिले में शनिवार को पुलिस लाइन परिसर से स्कूली बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली, जिसे अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. आरके राय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में पूर्व माध्यमिक विद्यालय अंगूरीबाग, साकेत प्राइमरी स्कूल, बृजकिशोर निर्मल विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय लालबाग, आदर्श प्राथमिक विद्यालय, आदर्श पूर्व माध्यमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय पहाड़गंज आदि विद्यालयों के बच्चों ने प्रतिभाग किया।
सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि वैक्सीन की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बूथ दिवस पर जो बच्चे पोलियो वैक्सीन पीने से वंचित रह जाएंगे उनको पोलियो वैक्सीन पिलाने के लिए सोमवार से 836 डोर-टू-डोर टीमें रवाना की जाएंगी। रैली में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आरके देव, एसीएमओ डॉ. छैल विहारी आदि मौजूद रहे।