सिलेंडर फटने से फैली आग, 52 लोगों के घर राख
फैजाबाद। शहर के थाना कैंट के मीरनघाट चौकी के पास जमथरा घाट पर सोमवार आधी रात के बाद लगी आग सिलेंडर फटने से बेकाबू हो गई। 52 परिवारों की झोपड़ियां व घर का सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन सभी परिवारों की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग लगने की सूचना पर पहुंची फायरब्रिगेड व सेना की करीब 10 गाड़ियों ने चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, रात में फायरब्रिगेड के देर से पहुंचने से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा मचाया। इस दौरान उनकी पुलिस व फायरब्रिगेड के कर्मियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में सेना के जवानों ने पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया।
जमथरा स्थित श्मशान घाट के ठीक बगल स्थित झोपड़ियों में सोमवार रात करीब एक बजे जब लोग अपने-अपने झोपड़ियों में सो रहे थे तभी एक घर में कुछ बन रहा था। इसी दौरान चूल्हे से फैली आग सिलेंडर तक पहुंच गई और तेज आवाज के साथ सिलेंडर फट गया और आग बेकाबू हो गई। शोरगुल सुन लोग जान बचाकर भागे। देखते ही देखते परिवारों की 52 झोपड़ियां धू धू कर जलने लगीं। आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल की करीब आठ गाड़ियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। बाद में सेना की दो गाड़ियां पहुंचने के बाद सुबह करीब 6:30 पर आग पर काबू पाया गया। इस आग में सभी 52 परिवारों के घर व सामान जलकर राख हो गया। वहीं, आग लगने की सूचना के बाद दमकल की गाड़ियां देरी से पहुंचने का आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवारों ने रात में ही हंगामा मचाना शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख मौके पर थाना कैंट, नगर कोतवाली समेत करीब आधा दर्जन पीआरवी व पीएसी के जवानों को मौके पर बुला लिया गया। बाद में सेना के जवानों के पहुंचने पर ही स्थिति काबू में आ सकी।
इनके घर जलकर हुए राख
आगजनी का शिकार ज्यादातर लोग निषाद समुदाय से है, जो मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं। इस आग में प्रकाश, कलावती, गंगा प्रसाद, कल्लू, गोविंदा, राजकरन, मुन्नी देवी, पंकज, संगीता, संगम, रवि, मुन्ना, रामसी, प्रताप, संगीता, राम आशीष, राममिलन, रामतीरथ, रामराज, अजय, आकाश, राजकुमार, चंद्रपति, अशोक, धर्मवीर, रवि, ऋषि, निर्मल, रामदीन, नान्हू, राजकरन, बजरंगी, राकेश, तिलकराम, भरत, गुड़िया, रामनरायन, जितेंद्र, छोटू, कप्तान, धनीराम, विजय, संजय, मुन्ना व रामचरन समेत 52 परिवारों के घर व सामान जलकर राख हो गया।
सभी कुछ जलकर हुआ राख
आगजनी के शिकार हुए पीड़ितों में किसी के शादी के लिए रखे हुए जेवर तो किसी के कर्ज लिए हुए पैसे समेत कपड़े, बिस्तर, राशन, कापी किताब समेत सब कुछ जलकर राख हो गया। हाल यह था कि लोगों के पास तन पर पहने हुए कपड़ों के सिवा कुछ नहीं बचा। सुलतानपुर से अपने मायके आई आरजू ने बताया कि मामा के यहां शादी थी, सारे जेवर लेकर आई थी, सब जलकर राख हो गया। रोते हुए वो कहती हैं कि अब ससुराल जाकर क्या मुंह दिखाएंगी। सिक्योरिटी गार्ड राकेश ने बताया कि उसने कंपनी से लोन व कर्ज लेकर छोटा सा घर बनाया था, सब जलकर राख हो गया, यहां तक खाने के लिए भी अब कुछ नहीं बचा। कलावती कहतीं हैं कि रात में जब घर में अंजोर आवे लाग तो हम सभी जागन और आग देख जान बचाए कै भाग खड़ा हुवै, घर में राख बिटिया के जेवर समेत सब जर गए।
सहायता राशि के साथ राशन, कपड़े, बर्तन वितरित किए
आग की सूचना पर सांसद लल्लू सिंह, नगर विधायक समेत एडीएम विंध्यवासिनी राय, एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया, सीओ सिटी अरविंद चौरसिया समेत राजस्व विभाग का पूरा अमला घटनास्थल पर पहुंचा और नुकसान का जायजा लिया। एसडीएम सदर मधुसूदन नागराज हुलगी ने बताया कि सभी 52 पीड़ितों को सूचीबद्ध किया गया है। उनको तत्काल 38 सौ की सहायता राशि के साथ राशन, कपड़े, बर्तन आदि वितरित किया गया है। इसके अलावा उन्हें रहने के लिए अस्थाई शेल्टर बनवाकर दिया जा रहा है। पीड़ितों को जल्द ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास भी दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
अग्नि पीड़ितों की सहायता के लिए बढ़े हाथ
अग्नि पीड़ितों की सहायता के लिए सेना के जवानों समेत राजनीतिक व सामाजिक संगठनों ने भी अपने हाथ बढ़ाएं हैं। डोगरा रेजिमेंटल सेंटर के जवानों ने शिविर लगाकर पीड़ितों को पूड़ी-सब्जी व अचार वितरित किया। इस दौरान सेना के दलेर सिंह, रवींद्र कुमार, अमन कुमार, देवेंद्र सिंह, प्रवीन कुमार समेत दर्जनों जवान शामिल रहे। वहीं, समाजसेवी गुलशन बिंदू ने सभी 52 पीड़ितों को पांच-पांच सौ रुपये की आर्थिक सहायता के साथ पांच-पांच साड़ियां भी वितरित की। समाजसेवी राजन पांडेय व उनकी पत्नी तृप्ति पांडेय ने सभी अग्नि पीड़ितों को पांच सौ की राशि के साथ दरी, बिस्तर आदि वितरित किया। सांसद लल्लू सिंह व नगर विधायक की अगुवाई में पीड़ितों को 38-38 सौ का वियरर चेक वितरित किया गया, इसको कैश कराने के लिए मौके पर अस्थाई बैंक खोला गया। स्थानीय सभासद अंबिका निषाद ने बताया कि सभी पीड़ितों के लिए भोजन आदि की व्यवस्था की जा रही है। समाजसेवी सुप्रीत कपूर, देवेंद्र मिश्र, संदीप वैश्य, पंकज तिवारी ने पीड़ितों को तहरी व समोसे का वितरण किया।