शोभायात्रा में शामिल भगवान के स्वरूप बने श्रद्धा का केंद्र
अयोध्या। रामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष व मणिरामदास छावनी के श्रीमहंत नृत्यगोपाल दास जी महाराज के 80वें जन्मोत्सव के शुभारंभ अवसर पर सोमवार को मणिराम दास छावनी से रथ, गाजे-बाजे के साथ सुभव्य शोभायात्रा निकाली गई। जो विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। शोभायात्रा से पूर्व महंत नृत्यगोपाल दास जी महाराज का भक्तों ने विधिवत पूजन-अर्चन किया। उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास की अगुवाई में निकाली गई शोभायात्रा में भगवान श्रीसीताराम, राधाकृष्ण के भव्य स्वरूप, नाचते-गाते श्रद्धालु भक्तों के श्रद्धा का केंद्र बने। शोभायात्रा जानकीघाट, तपस्वी जी की छावनी, चरणपादुका, हनुमानगढ़ी, शृंगार हाट, प्रमोदवन होते हुए वापस मणिरामदास की छावनी पहुंचकर समाप्त हुई। जन्मोत्सव समारोह के संयोजक महंत कमलनयन दास ने बताया कि 18 जून से 26 जून तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से श्रीरामचरित मानस पाठ का आयोजन होगा। श्रीकृष्णचंद्र शास्त्री सांयकाल 3 से 6 बजे तक श्रीमद्भावगत कथा सुनाएंगे। 25 व 26 जून को संत सम्मेलन सुनिश्चित हैं। जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव मौर्य, दिनेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में संत-धर्माचार्य एवं राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहेंगी। 26 जून को फूलबंग्ला झांकी भी सजाई जाएगी।
शोभायात्रा में अयोध्या नगर निगम के मेयर ऋषिकेश उपाध्याय, नगर विधायक वेद गुप्ता, बिंदुगाद्याचार्य स्वामी श्रीदेवेंद्रप्रसादाचार्य, महंत रामदास नाका हनुमानगढ़ी, अधिकारी श्रीरामबल्लभाकुंज राजकुमार दास, कथाव्यास श्रीकृष्णचंद्र शास्त्री, महंत कन्हैयादास रामायणी, महामंडलेश्वर बजरंगदास, महंत अर्जुन दास, महंत गिरीशपति त्रिपाठी, महंत शशिकांत दास, महंत गिरीश दास, महंत दिलीपदास त्यागी, महंत रामकुमार दास, पुजारी रमेश दास, जिलाध्यक्ष भाजपा अवधेश पांडेय बादल, विहिप के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा सहित विभिन्न प्रांतों से आए बड़ी संख्या में भक्त शामिल रहे।