गणतंत्र दिवस परेड के लिए जवान तैयार
फैजाबाद। गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइंस में आयोजित सलामी परेड के लिए पुलिस महकमे ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। ग्राउंड पर सलामी परेड को लेकर बुधवार को जवानों ने फुल ड्रेस रिहर्सल किया। इस दौरान एसएसपी ने परेड का निरीक्षण किया और व्यवस्था में जुटे अधिकारियों व कर्मचारियों की पीठ थपथपाई।
सलामी परेड को भव्य बनाने के लिए पुलिस महकमे ने मंच और ग्राउंड की साज-सज्जा को नया लुक दिया गया है। परेड के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। गणतंत्र दिवस पर पुरस्कृत व सम्मानित होने वालों पुलिसकर्मियों तथा समाज के लोगों की सूची को फाइनल टच दिया जा रहा है। राष्ट्र धुन बजाने की जिम्मेदारी सेना के बैंड को दी गई है। फुल ड्रेस रिहर्सल में विभिन्न शाखाओं के साथ सेना का बैंड भी शामिल रहा। घुड़सवार दस्ता आयोजन को भव्यता प्रदान करता नजर आया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए स्कूलों के विद्यार्थियों को बुलाया गया है। इस बार गणतंत्र दिवस की परेड से झांकी को अलग रखा गया है। एसएसपी सुभाष सिंह बघेल ने फुल ड्रेस सलामी परेड रिहर्सल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईजी विजय प्रकाश होंगे। इस दौरान एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया, एसपी देहात संजय कुमार, सीओ सदर अरविंद चौरसिया, सीओ सिटी विक्रांत वीर, सीओ अयोध्या राजू कुमार साव समेत प्रतिसार निरीक्षक हरेंद्र सिंह यादव मौजूद रहे।
आयोजित होने वाले कार्यक्रम
प्रातऱ् 9.00 बजे परेड फॉल इन
प्रातऱ् 9.15 बजे परेड कमांडर की ओर से परेड का भार ग्रहण
प्रातऱ् 9.20 बजे एसएसपी का आगमन
प्रातऱ् 9.25 बजे मुख्य अतिथि का आगमन
प्रातऱ् 9.30 बजे ध्वजारोहण
प्रातऱ् 10.15 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम