37 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में सील
फैजाबाद। गहमागहमी पूर्ण माहौल में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चुनाव के लिए 84.7 फीसदी अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह साढ़े सात बजे से शुरू होकर मतदान शाम 6 बजे तक चला।
कुल 2 हजार 210 मतदाताओं में से 1 हजार 872 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान मतदाताओं और प्रत्याशियों ने वोट मांगने और देने को लेकर काफी गहमागहमी रही। चुनाव की शुचिता के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गये थे।
इस बार गत वर्षोँ की तरह सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मी नहीं तैनात किए गए थे। सभी पदों की मतगणना 29 जुलाई को होगी। रिटर्निंग अफसर संजीव दूबे व एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन सत्यनारायन पाठक ने बताया कि मतदान सुबह साढ़े सात बजे शुरू हो गया।
शुरूआती दौर में मतदाताओं की संख्या काफी कम रही जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया मतदाताओं की संख्या भी बढ़ने लगी। सुबह 10 से एक बजे तक लगभग आधे मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इस दौरान बार एसोसिएशन के प्रवेश द्वार से और मतदेय स्थल तक प्रत्याशी मतदाता वकीलों से वोट मांगते रहे। मध्यावकाश के बाद मतदाताओं की संख्या में काफी इजाफा हुआ, मतदाताओं को लाइन लगाकर अपनी पारी का इंतजार करते देखा गया।
मतदान के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश और प्रचार करने पर पूरी तरह पाबंदी रही। मतगणना 29 जुलाई की सुबह 8 बजे से शुरू होगी। सबसे पहले कार्यकारिणी सी की मतगणना होगी। मतगणना सभी पदों के अंतिम परिणाम आने तक जारी रहेगी।