अयोध्या से रामेश्वरम जाएगी ट्रेन, रामनगरी में होगा समारोह
फैजाबाद। अयोध्या से रामेश्वरम को जोड़ने के लिए 30 जुलाई को नई ट्रेन श्रद्धा सेतु एक्सप्रेस को सांसद लल्लू सिंह अयोध्या रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:30 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर होने वाले समारोह की अध्यक्षता श्रीरामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास करेंगे।
पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह ने बताया कि अयोध्या के श्रद्धालुओं व आम नागरिकों द्वारा अयोध्या से दक्षिण भारत रामेश्वरम तक विगत कई वर्षों से ट्रेन चलाने की मांग की जा रही थी। जिस पर सांसद लल्लू सिंह ने प्रयास करके रेलमंत्री सुरेश प्रभु से ट्रेन चलाने की स्वीकृति दिलाई।
रामेश्वरम तक जाने वाली श्रद्धा सेतु एक्सप्रेस उत्तर रेलवे जोन के लखनऊ मंडल की पहली ट्रेन है जो जौनपुर, इलाहाबाद, सतना, जबलपुर, इटारसी, विजयवाड़ा, चेन्नई होते हुए 2900 किमी. की दूरी लगभग 56 घंटे में तय करेगी।
रामेश्वरम तक नयी ट्रेन के संचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री सुरेश प्रभु व सांसद लल्लू सिंह को जगदगुरुपुरुषोत्तमाचार्य, जगदगुरु वासुदेवाचार्य, महंत कमलनयन दास, महंत रामकुमार दास, अर्जुन दास, रमेश दास, गौरीशंकर दास, जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल ने बधाई दी है।