पैथालॉजी, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड आदि की सुविधा ठप, लौटे मरीज
फैजाबाद। मंडलीय चिकित्सालय दर्शननगर में दो दिन से बिजली गुल है। ओपीडी तो किसी तरह मध्यम रोशनी के बीच चलाई गई, लेकिन पैथालॉजी, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड आदि जांच नहीं हो पा रही। दूरदराज से आए करीब सौ मरीजों को लंबे समय तक बैठाए रखा गया।
बाद में बिजली न होने की बात कहकर तैनात चिकित्सकों ने उन्हें वापस कर दिया। मायूस होकर मरीज निजी पैथालॉजी में जाकर ठगे जाने को मजबूर हुए। बता दें कि गुरुवार की सुबह अचानक मंडलीय चिकित्सालय की बिजली गुल हो गई थी।
जेनरेटर कक्ष में तैनात कर्मचारी के अवकाश पर होने की वजह से जेनरेटर भी नहीं चल सका। एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, खून जांच आदि ठप रहा। सारा दिन उमस भरी गर्मी व अंधेरे से व्याकुल भर्ती मरीज भी वार्डों से निकलकर बाहर आ गए। गुरुवार की देर शाम जिले के पावर कॉर्पोरेशन कर्मी चिकित्सालय परिसर स्थित बिजली उपकेंद्र पर कैंप किए रहे।
कड़ी मशक्कत के बाद भी गड़बड़ी का कारण नहीं पकड़ सके। गुरुवार को जांच कराने आए मरीजों को शुक्रवार को आने के लिए कहा गया। शुक्रवार को एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, खून जांच आदि कराने के लिए मरीजों का तांता लगा रहा। पर्चा कटाने के बाद मरीज एक्सरे कक्ष व अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर घंटों बैठे रहे।
पूर्वाह्न 11 बजे तक बिजली न आने पर मरीजों को समझा-बुझाकर वापस कर दिया गया। बिजली न होने से चिकित्सालय परिसर में बने आवास में पेयजल का संकट उत्पन्न हो गया है। पानी की टंकी अभी तक चिकित्सालय प्रशासन को हस्तगत नहीं कराया गया है।
सीएमएस डॉ आरके मिश्रा का कहना है कि बिजली न होने से सारे उपकरण ठप हो गए हैं। कड़ी मशक्कत के बाद भी बिजलीकर्मी फाल्ट नहीं ढूंढ पा रहे हैं। पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारी भी कुछ बता पाने में असमर्थ हैं। लखनऊ से आई इंजीनियर की टीम जांच कर रही है।
जेनरेटर चलाकर रोशनी व पंखे की व्यवस्था की गई है। इधर, पावर कॉर्पोरेशन के मुख्य अभियंता हर्ष मुंशी का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है, यदि ऐसा है तो संबंधित अधिशासी अभियंता द्वितीय को शीघ्र ही बिजली में आई खामी को दूर करने के लिए निर्देशित किया जा रहा है। शीघ्र ही बिजली आपूर्ति प्रारंभ हो जाएगी।