अयोध्या। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा के साथ शनिवार को बीकापुर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में लोगों की फरियाद सुनी। मौके पर ही कुछ समस्याओं का निराकरण कराया। संबंधित विभाग के अधिकारियों को बाकी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराने का निर्देश दिया। जिले में कुल 842 शिकायतें आईं जिनमें से 41 का मौके पर निस्तारण कराया गया।
बीकापुर में संपूर्ण समाधान दिवस में ज्यादातर शिकायतें चकमार्ग, पैमाइश, अतिक्रमण, सार्वजनिक भूमि पर निर्माण, कब्जा, राजस्व व पुलिस आदि से संबंधित आईं। डीएम ने आवश्यकतानुसार पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। यहां कुल 266 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनमें से 20 प्रकरणों का मौके पर निस्तारित करा दिया गया।
सोहावल प्रतिनिधि के मुताबिक समाधान दिवस की अध्यक्षता एडीएम अमित कुमार सिंह ने की। इस मौके पर 137 शिकायतें आईं जिनमें से सात शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। मिल्कीपुर प्रतिनिधि के मुताबिक तहसील सभागार में मुख्य राजस्व अधिकारी चंद्रशेखर मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 221 शिकायतें आईं।
सात मामलों का ही निस्तारण मौके पर हो सका। उपजिलाधिकारी अमित जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतें किसी भी हाल में लंबित न रखी जाएं। सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 111 शिकायतें आईं जिनमें से पांच का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।
रूदौली प्रतिनिधि के मुताबिक तहसील सभागार में एसडीएम रूदौली स्वप्निल कुमार यादव व क्षेत्रीय विधायक राम चंद्र यादव ने संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें सुनीं। इस दौरान अधिवक्ता की हड़ताल के मद्देनजर उपजिलाधिकारी ने तहसील परिसर में शिकायतें लिखने के लिए एक अलग काउंटर लगवाया। समाधान दिवस में राजस्व, राशनकार्ड, पेंशन, आवास व पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें आईं। तहसीलदार प्रज्ञा सिंह ने बताया कि कुल 107 शिकायतें आईं जिनमें से दो का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।