अयोध्या। जिले में रविवार को अलग-अलग स्थानों पर चार लोगोें के शव मिलने से हड़कंप मच गया। इनमें से थाना कैंट अंतर्गत कंधारी बाजार इलाके में मिले अधेड़ के शव की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, खंडासा थाना क्षेत्र के ढोली आसकरन मजरे पूरे पासी गांव में मिले महिला के शव के मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
खंडासा थाना क्षेत्र के ग्राम ढोली आसकरन मजरे पूरे पासी में सुबह करीब नौ बजे गांव के उत्तर खेत में दो दिन से लापता युवती का शव मिला। मौके से पुलिस को युवती की चप्पल बरामद हुई है। पिता ने युवती की हत्या की आशंका जताई है। खंडासा थाना क्षेत्र के कंदई कला चौकी अंतर्गत ढोली आसकरन गांव निवासी अंगनूराम की पुत्री सरोज उर्फ गुड़िया (22) 25 जनवरी की शाम सात बजे घर से चाची के यहां जाने को कह कर निकली थी।
उसके बाद उसका पता नहीं चल सका। रविवार को गांव के उत्तर माता प्रसाद के गेहूं के खेत में शव मिलने से परिवारीजनों में हड़कंप मच गया। शव की शिनाख्त सरोज के रूप में हुई। सूचना पर सीओ मिल्कीपुर रुचि गुप्ता, थानाध्यक्ष खंडासा अवनीश कुमार चौहान, चौकी इंचार्ज कंदई कला शंभूनाथ मौके पर पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच की।
पुलिस को मौके पर घसीटने के निशान के साथ मृतका के गले पर खरोंच के निशान मिले हैं। सीओ मिल्कीपुर रुचि गुप्ता ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, रुदौली कोतवाली क्षेत्र के सराय मुगल गांव के बाहर बाग में पेड़ पर युवक का शव लटका मिला। कोतवाल विश्वनाथ यादव ने बताया कि मृतक की पहचान संतराम रावत (35) निवासी लखोरी मठिया थाना रौनाही के रूप में की गई। पुलिस के मुताबिक संतराम की ससुराल सरायमुगल गांव निवासी रामकुमार के यहां है। पत्नी से मनमुटाव की जानकारी सामने आई है। घटनास्थल से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने पारिवारिक विवाद में आत्महत्या करने की बात कही है।
वहीं, रौनाही थाना क्षेत्र में रविवार को दोपहर कटरोली के निकट रेलवे ट्रैक के किनारे किशोर का शव मिला। जेब में मिले सिमकार्ड से उसकी पहचान थाना पूराकलंदर के गांव हूंसेपुर निवासी अर्पित (16) के रूप में हुई। पिता अरविंद के अनुसार बेटा उनसे स्मार्ट मोबाइल फोन की मांग कर रहा था, उन्होंने कुछ दिन बाद मोबाइल दिलाने की बात कही थी। लेकिन वह नहीं माना और नाराज होकर रात में कही चला गया था।
एसएसआई राजेंद्र यादव ने बताया कि मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई लगती है। उधर, थाना कैंट अंतर्गत ककरही बाजार के पास स्थित विभूति डिग्री कॉलेज के पास एक अधेड़ का शव मिला। एसओ आरके राणा ने बताया कि शव की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
गणतंत्र दिवस के दिन अयोध्या के मिनी पुलिस लाइन में एक सिपाही की पत्नी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। अयोध्या सीओ कार्यालय के पास स्थित मिनी पुलिस लाइन में रहने वाले सिपाही अनिल कुमार की पत्नी ऊषा का शव घर के कमरे में लटका पाया गया।
सिपाही अनिल कुमार एसएसपी कार्यालय के आंकिक शाखा में तैनात है। उसके अनुसार शुक्रवार रात वह कमरे में सोया था और सुबह उठते ही पत्नी का शव कमरे में लटकता हुआ देखा। बताया कि कुछ दिन पूर्व ही पीसीएस की परीक्षा का रिजल्ट आया था, जिसमें उसकी पत्नी असफल हो गई थी, जिससे वह अवसाद में रह रही थी।
सिपाही की ससुराल जनपद के ही गोसाईगंज थाना क्षेत्र में है और उसकी शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी। वहीं, मृतका के भाई राजितराम ने आरोप लगाया है कि ऊषा की हत्या की गई है। सीओ अयोध्या राजू साव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी पर लटकने से मौत होने की पुष्टि हुई है। मामले में शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।