बारिश से किसान खुश, मौसम हुआ सुहाना
फैजाबाद। जिले में गुरुवार रात से लेकर शुक्रवार को दोपहर के मध्य हुई बरसात से लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत महसूस तो वहीं किसानों के चेहरे पर खिल उठे। गेहूं की मड़ाई के बाद शुष्क हुए खेतों में नमी आने से किसानों ने खरीफ के लिए खेतों की जोताई की तैयारी तेज कर दी है। अभी मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटे के बाद फिर गरज-चमक के साथ बारिश की आशंका व्यक्त किया है।
पिछले कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को गुरुवार रात से बारिश होने से राहत मिली। शुक्रवार भोर में तेज हवा के साथ बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। वहीं दिन के तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की कमी देखी गई और तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से घटकर 30 पहुंच गया, वहीं रात का तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। इस बरसात से गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के साथ किसान भी खुश हुए। गेहूं की मड़ाई के बाद खेत शुष्क हो चुके थे, जिनमें नमी के लिए सिंचाई की जरूरत थी। इसमें किसानों का काफी धन व समय भी खर्च होता। शुक्रवार को हुई बरसात से खेतों में नमी भी आ गई है। इससे किसानों ने अब खरीफ की बोआई की तैयारी तेज कर दिया है। अभी मौसम विभाग ने रविवार को भी हल्की बरसात की आशंका जताई है। नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि शनिवार को आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे साथ ही रविवार को गरज-चमक के साथ हल्की बरसात की संभावना है।