पेराई बंद होने के बाद अब गन्ना सर्वेक्षण शुरू
फैजाबाद। चीनी मिलों में पेराई बंद होने के एक पखवारे बाद नए पेराई सत्र का आगाज हो गया है। दोनों चीनी मिल क्षेत्र के किसानों के गन्ने का सर्वेक्षण कार्य 01 मई से शुरू हो गया है। इसके लिए समिति वार सर्वेक्षण टीम गठित की गई है। गन्ना पर्यवेक्षक व चीनी मिल के संयुक्त तत्वावधान में 45 दिन में गन्ना सर्वेक्षण कार्य पूर्ण किया जाएगा। डीसीओ ने मातहतों के साथ बैठक कर इसके लिए समितिवार टीम गठित की गई है। मसौधा चीनी मिल क्षेत्र में सर्वे कार्य के लिए मसौधा समिति में 23 व फैजाबाद समिति में 15 टीम लगाई गई है। वहीं रौजागांव चीनी मिल क्षेत्र के किसानों का सर्वे करने के लिए गनौली समिति क्षेत्र में 23, फैजाबाद समिति में चार व मसौधा समिति में छह टीम लगाई गई है। जीपीएस मशीन से शुरू हो रहे सर्वे की निगरानी के लिए सभी सचिव व ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक को निर्देशित किया गया है। जिला गन्ना अधिकारी हेमराज सिंह ने बताया कि सर्वे से संबंधी सूचना चीनी मिलों की ओर से अखबार, मोबाइल से मैसेज, मुनादी आदि के माध्यम से किसानों को दी गई है। सर्वे से एक दिन पहले गांव में किसी महत्वपूर्ण स्थल पर जाकर कर्मचारी इसकी सूचना किसानों को दे दें। सर्वे के समय किसान अनिवार्य रूप से अपने प्लाट पर मौजूद रहें ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाए। बाद में किसी प्रकार से सर्वे से संबंधित संशोधन नहीं किया जाएगा।