नकल करते पकड़ा गया छात्रनेता, निष्कासित
अयोध्या। साकेत महाविद्यालय में चल रही मुख्य परीक्षा में छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष द्वारा नकल करते पकड़े जाने पर महाविद्यालय के शिक्षकों से अभद्रता करने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्र के विरुद्ध तहरीर दी गई है।
बीए द्वितीय वर्ष के छात्र को बृहस्पतिवार को उड़ाका दल ने नकल करते पकड़ लिया और निष्कासित कर दिया गया। आरोप है कि इसके बाद छात्रनेता प्राचार्य कक्ष में आया और उपस्थित शिक्षकों से अभद्रता करने लगा। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय मोहन श्रीवास्तव ने एसपी सिटी को मामले की जानकारी दी तथा आवश्यक कार्यवाही के लिए तहरीर दी। मीडिया प्रभारी डॉ. मनोज छापड़िया ने बताया कि छात्रनेता की समस्त गतिविधि महाविद्यालय के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। इससे पूर्व विगत परीक्षा में भी छात्र नेता अराजक माहौल उत्पन्न कर चुका है। उसे निष्कासित कर दिया गया है।
2145 ने छोड़ी परीक्षा, चार नकलची पकड़े
फैजाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा में गुरुवार को सात सचल दलों ने 54 परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया है। इस दौरान चार नकलची पकड़े गए हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. एसएल पाल के अनुसार गुरुवार की परीक्षा में एक लाख 49 हजार 817 परीक्षार्थियों को सम्मिलित होना था। इसके सापेक्ष एक लाख 47 हजार 672 परीक्षार्थी ही परीक्षा में सम्मिलित हुए। 8 हजार 977 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग नहीं लिया है। सचल दलों ने कामता प्रसाद सुंदरलाल साकेत महाविद्यालय फैजाबाद में एक, नंदिनी नगर महाविद्यालय नवाबगंज गोंडा में दो व मोहन लाल वर्मा एजुकेशनल इंस्टीट्यूट बाराबंकी में एक नकलची पकड़ा है। सभी पर विश्वविद्यालय के नियमानुसार कार्रवाई हुई है।