प्रत्याशियों ने रात तक घर-घर किया जनसंपर्क
-मतदाताओं को लभाने की रणनीति अपनाते रहे प्रत्याशी
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। निकाय चुनाव के पहले चरण में बुधवार को होने वाले मतदान की पूर्व संध्या पर मेयर व पार्षद पद के प्रत्याशियों ने गोपनीय तरीके से मतदाताओं को लुभाने का प्रयास किया। इस दौरान भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा, आप, भाकपा व निर्दलीय प्रत्याशियों ने मतदाता के घर-घर वोटर पर्ची भी पहुंचवाई। मुख्य दलों के नेताओं व पदाधिकारियों ने शहर का भ्रमण कर बूथों पर तैयारियां का जायजा लिया। बूथ प्रभारियों को बस्ता सौंप उनसे जरूरी इंतजामों को लेकर विचार विमर्श किया। रात तक मतदान के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी की गई।
मतदान से पहले मंगलवार रात तक प्रत्याशियों के कार्यालय खुले रहे और बूथों के पास टेंट, दरी आदि लगाने का इंतजाम किया। नगर निगम क्षेत्र में मतदान के लिए बनाए गए 52 केंद्रों पर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी दरियां बिछा दीं।
एजेंट के लिए होती रही तलाश
मतदान के लिए बूथों पर एजेंट बनाने के लिए मेयर व पार्षद प्रत्याशी योग्य लोगों की तलाश की। इस काम के लिए कई प्रत्याशियों को माथापच्ची भी करनी पड़ी। हालांकि राजनीतिक दलों ने पहले से बूथ इकाइयां बना रखी हैं। उन्हें इसके लिए ज्यादा परेशानी नहीं उठानी पड़ी।