फैजाबाद। नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज का आठ अक्टूबर को 19वां दीक्षांत समारोह मनाया जाएगा। इस मौके पर 51 मेधावियों को गोल्ड मेडल दिया जाएगा।
समारोह को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को कुलपति प्रो. अख्तर हसीब ने अति विशिष्ट अतिथि गृह से लेकर हेलीपैड, दीक्षांत स्थल, कुलाधिपति के लिये किसान भवन में आरक्षित कक्ष, आचार्य नरेंद्र देव प्रतिमा स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मीडिया प्रभारी उमेश पाठक ने बताया कि दीक्षांत समारोह में 636 उपाधियां स्नातक, परास्नातक एवं पीएचडी पाठ्यक्रम पूरा कर चुके विद्यार्थियों को दी जाएंगी।
समारोह में 51 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। इनमें स्नातक पाठ्यक्रम में सात कुलाधिपति, सात कुलपति व सात विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, परास्नातक में तीन कुलाधिपति व 27 कुलपति स्वर्ण पदक दिए जायेंगे।
35 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधियां दी जाएंगी। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल रामनाईक करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के महानिदेशक त्रिलोचन महापात्र उपस्थित रहेंगे।