सरयू को घाटों तक लाने के लिए छोड़ा जाएगा पानी
अयोध्या। चैत्र रामनवमी मेला को लेकर तैयारियों तेज हो गई हैं। सरयू की धारा सभी प्रमुख घाटों से आधा किमी. दूर तक सरक गई है। इसको लेकर एक दिन पूर्व हुए मेला की तैयारी बैठक में डीएम अनुज झा ने सरयू में पानी छोड़ने का निर्देश सिंचाई विभाग को दिया है।
चैत्र रामनवमी मेले का मुख्य उत्सव श्रीरामजन्मोत्सव 14 अप्रैल को मनाया जाएगा। मेले में करीब 15 से 20 लाख श्रद्धालु अयोध्या आते हैं और सरयू स्नान कर मंदिरों में दर्शन-पूजन करते हैं।
लेकिन इस वर्ष सरयू की धारा घाटों से दूर होने की वजह से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मार्च के महीने में सरयू सभी प्रमुख घाटों से खिसककर करीब 500 मीटर दूर पहुंच गयी है।
सरयू में नित्य स्नान करने वाले साधु-संतों सहित अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक सरयू का जलस्तर प्रतिदिन घट रहा है।
रविवार को सरयू का जलस्तर 88.770 मीटर रिकॉर्ड किया गया संतों ने रामनवमी मेला प्रारंभ होने से पूर्व सरयू में पानी छोड़ने की मांग उठाई है। मेला की तैयारी बैठक में डीएम अनुज झा ने सरयू में पानी छोड़ने का निर्देश सिंचाई विभाग को दिया है।
सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता एसके सिंह ने बताया कि लखीमपुर खीरी से पानी छोड़ा जाना है, वार्ता हो चुकी है। उम्मीद है कि रामनवमी मेला प्रारंभ होने से पूर्व ही 1 या 2 अप्रैल तक सरयू में करीब डेढ़ से दो हजार क्यूसेक पानी छोड़ दिया जाएगा।
पानी छोड़े जाने के बाद सरयू के जलस्तर में वृद्धि होगी और अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को स्नान-पूजन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।