बालिकाओं को विकास का बेहतर माहौल देने की जरूरत : डीएम
अयोध्या। गोष्ठी और छात्राओं की रैली के साथ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का शुभारंभ सोमवार को किया गया। गोष्ठी में जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि बेटी-बेटा में कोई भेद नहीं है।
उन्होंने लोगों से बच्चियों को विकास के लिए बेहतर माहौल देने के लिए कहा। बेहतर कार्य करने वाली महिलाओं और छात्राओं का सम्मान किया गया। डीएम ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ को लेकर मौजूद लोगों को शपथ दिलाई।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज आयोजित गोष्ठी में डीएम ने कहा कि जिस परिवार में भाई-बहन दोनों होते है। वहां अधिक रौनक व खुशी होती है। कहा कि माता-पिता की सेवा बेटे से ज्यादा बेटी करती है।
महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि जिसकी पहली संतान बेटी हुई उस परिवार की प्रगति तेजी से होती है और वह परिवार खुशहाल भी है। उन्होंने 200 परिवारों पर शोध के बाद यह दावा किया।
कहा कि उनकी भी पहली संतान बेटी है। भारत को बड़े सम्मान के साथ भारत माता कह कर हम सभी पुकारते है। नारी का सम्मान प्रतिष्ठा हमारे यहां युगों-युगों से होता आया है।
भाजपा जिला अध्यक्ष अवधेश पांडेय ने कहा कि यह भारतीय संस्कृति की भी मान्यता है कि जहां नारी का सम्मान होता वहां देवताओं का भी निवास होता है। इससे समाज को भी सीख लेनी चाहिए।
सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि समाज में लिंग भेद को लेकर जो विकृति पैदा हुई थी उसे मिटाने मेें हम सभी कामयाब रहे हैं। लोगों के अंदर जागरूकता आई है इसे प्रभावी करने में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ रैली व गोष्ठी सहायक होगी।
गोष्ठी के बाद महापौर, भाजपा जिलाध्यक्ष, डीएम ने मशाल जलाकर बेटियों को सौंपी। अभियान को लेकर जीजीआईसी सहिक अन्य विद्यालयों की छात्राओं ने लगभग दो किमी. लम्बी रैली निकाली। इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
यह तहसील सदर, गांधी पार्क-रिकाबगंज चौराहा, कसाबबाड़ा, जीआईसी, पुलिस लाइंस, सिविल लाइंस होते हुए वापस राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में समाप्त हुई।
गोष्ठी में एनसीसी, शिक्षा, पुलिस, ग्रामप्रधान, खंड प्रेरक स्वच्छता समिति, सफाईकर्मी सहित अन्य क्षेत्रों में बेहतर कार्य प्रदर्शन करने वाली महिलाओं और छात्राओं को मेडल, प्रशक्ति पत्र देकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में एसएसपी जोगेंद्र सिंह, सीडीओ अभिषेक आनंद, डीआईओएस राज बहादुर सिंह चैाहान, बीएसए अमिता सिंह, जिला प्रोवेशन अधिकारी विकास सिंह, प्रधानाचार्य सुरेंद्र लता व अध्यापिकाएं मौजूद रहीं।