स्पोर्ट्स स्टेडियम में पांच हजार लोग करेंगे योग
फैजाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को है। इसको आयोजन को लेकर शहर से देहात तक उत्साह है। स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम मकबरा में बड़ा आयोजन होगा। यहां पांच हजार लोग एक साथ योग करेंगे। नेता-अधिकारी भी शामिल होंगे। जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने योग दिवस में शामिल होने के लिए सभी से छह बजे पहुंचने का आह्वान किया है। डीएम ने अफसरों को इसके लिए जिम्मेदारी सौंप दी है। उधर, आर्ट ऑफ लीविंग की ओर से कंपनी गार्डेन में मंगलवार सुबह योगाभ्यास कराया गया।
डीएम ने कहा कि 21 जून को सुबह सात से आठ बजे तक योग सिखाने का कार्यक्रम प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों से आम लोगों के लिए संचालित किया जाएगा। जिसमें सभी आम नागरिक गण, गणमान्य नागरिक, बच्चे, भारत स्काउट दल, नेहरू युवा केन्द्र, एनसीसी, एनएसएस, डिग्री व इंटर कॉलेज के छात्र और सभी सरकारी कार्यालयों के अधिकारी, कर्मचारी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। सभी लोग अनिवार्य रूप से सुबह 6 बजे के पहले ही स्पोर्ट्स स्टेडियम, मकबरा पहुंचने का प्रयास करें। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को स्टेडियम परिसर में दो एंबुलेंस, एक मेडिकल कैंप सभी जरूरी दवाएं व स्ट्रैचरों की सुविधा के साथ स्थापित करने, नगर निगम को दो पानी के स्वच्छ जल के टैंकर तैनात करने, नगर निगम व पंचायत विभाग को साफ-सफाई और पुलिस विभाग को ट्रैफिक मैनेजमेंट व अन्य सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। पूरे परिसर में 20 जून को ही सफाई व फॉगिंग कराने का भी निर्देश दिया। 21 जून को वालंटियर भी तैनात करने को कहा। कहा कि स्टेडियम में सभी लोग स्वच्छता की दृष्टि से अपने साथ मैटिंग, चटाई, दरी या चादर साथ लाएं। जिससे उन्हें योग अभ्यास करने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इस योग दिवस पर सभी सांसद, विधायक, महापौर व जनप्रतिनिधियों के साथ कमिश्नर, डीआईजी व एसएसपी को भी आमंत्रित किया जाए। कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के लिए सभी तैयारियां 20 जून को ही पूरी कर ली जाए। कार्यक्रम के लिए मंच, साउंड सिस्टम और प्रचार-प्रसार के लिए नगरीय क्षेत्र में बैनर आदि लगाने के लिए कहा। बार एसोसिएशन, व्यापार मंडल और स्वयं सेवी संस्थाओं आदि के लोगों से भी कार्यक्रम में स्वेच्छा से भाग लेने के लिए कहा। कार्यक्रम में पांच हजार लोगों के भाग लेने का अनुमान है।
डीएम ने सीडीओ अक्षय त्रिपाठी, डीडीओ हवलदार सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. बृजनंदन श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारियोें के साथ पतंजलि योग समिति को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भी कहा है। बताया कि जिला स्तर की भांति तहसील व ब्लॉक स्तर पर इसी प्रकार 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए सभी एसडीएम व बीडीओ को निर्देश दिया है।
अवध विवि में आज होगी योग संध्या
डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य मनोज दीक्षित के निर्देशन में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर में दो दिवसीय समारोह को भव्य रूप में मनाये जाने के लिए योगा विभाग अंतिम रूप दे रहा है। मीडिया प्रभारी एसएन शुक्ल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर विश्वविद्यालय परिसर के स्वामी विवेकानंद सभागार में बुधवार को सांय पांच से सात बजे तक योग संध्या का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। कार्यक्रम में योग शिक्षा पर आधारित नाटिका, नृत्य एवं थेरेप्यूरिक योगासनों के समूह का प्रदर्शन किया जायेगा। इसके मुख्य अतिथि विवेक सृष्टि संस्थान अयोध्या के योगाचार डॉ. चैतन्य हाेंगे। संयोजक योगापचार विभाग के समन्वयक डॉ. एसएस मिश्र एवं आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा लगभग हजार प्रतिभागियों के अभ्यास हेतु योगाचार्य डॉ. सुधीर मिश्र के निर्देशन में योगाभ्यास किया जायेगा।
एनडी विवि में आज से दो दिनी योग शिविर लगेगा
कुमारगंज। एनडी यूनीवर्सिटी कुमारगंज में बुधवार से दो दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। विवि के प्रशासनिक भवन के प्रांगण में आयोजित किए जा रहे योग शिविर का उद्घाटन विवि के कुलपति प्रो. जेएस संधू बुधवार सुबह 6 बजे करेंगे। आयोजन की व्यवस्था भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अधीन संचालित ओमकार सेवा संस्थान की ओर से योग गुरु सूर्य कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में की जा रही है।