डॉ. अजय मोहन श्रीवास्तव साकेत के नए प्राचार्य
अयोध्या। साकेत महाविद्यालय के नए प्रचार्य को लेकर चल रही अटकलों पर सोमवार को विराम लग गया। प्रबंध समिति की बैठक में सर्वसम्मति से सैन्य अध्ययन विभागाध्यक्ष डॉ. अजय मोहन श्रीवास्तव को प्राचार्य मनोनीत किया गया। वर्तमान प्राचार्य प्रदीप खरे का कार्यकाल 01 मार्च को समाप्त हो रहा है, ऐसे में सोमवार को हुई प्रबंध समिति की बैठक में नए प्राचार्य की ताजपोशी की गई।
साकेत महाविद्यालय में वरिष्ठता सूची को आधार बनाकर प्राचार्य की नियुक्ति की जाती है। सोमवार को करीब एक घंटे तक चली प्रबंध समिति की बैठक में सर्वसम्मति से वरिष्ठता सूची में शीर्ष पर शामिल डॉ. अजय मोहन श्रीवास्तव का प्राचार्य के रूप में चयन किया गया। बैठक में प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र, अवैतनिक सचिव दीपकृष्ण वर्मा, वर्तमान प्राचार्य प्रदीप खरे, आनंद सिंहल, यतींद्र मिश्र, डॉ. तौसीफ अहमद, रामचंद्र जायसवाल समेत मेयर अयोध्या नगर निगम ऋषिकेश उपाध्याय, मुख्य नियंता डॉ. एसपी सिंह, मीडिया प्रभारी डॉ. मनोज छापड़िया, शिक्षक प्रतिनिधि डॉ. बीडी द्विवेदी, डॉ. उपमा वर्मा, विनय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
कक्षाओं का नियमित संचालन प्राथमिकता
साकेत महाविद्यालय के नवनियुक्ति प्राचार्य डॉ. अजय मोहन श्रीवास्तव ने प्राचार्य चुने जाने के बाद अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए कहा कि महाविद्यालय में कक्षाओं का नियमित संचालन और महाविद्यालय का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता होगी। कहा कि पहली चुनौती तो नकलविहीन व शुचिता पूर्ण ढंग से परीक्षाएं संपन्न कराना है। इसके अतिरिक्त उन्होंने छात्रहित को प्रमुखता देने और महाविद्यालय में पारदर्शिता बनाए रखने की भी प्रतिबद्धता जाहिर की।