कक्षा आठ तक के स्कूल बंद, अब 2 को खुलेंगे
फैजाबाद। एक सप्ताह से चल रहे केंद्रीय विद्यालय कैंट समेत कुछ अन्य सीबीएसई स्कूलों को अब कक्षा एक से 8 तक की कक्षाएं तत्काल बंद करनी पड़ेगी। जिले के कक्षा आठ तक के सभी सरकारी व निजी स्कूल अब 02 जुलाई को खुलेंगे। यह आदेश भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए रविवार को जिलाधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाठक ने जारी किया है।
जिले के सभी परिषदीय, राजकीय व सहायता प्राप्त स्कूल 30 जून तक बंद हैं। लेकिन केंद्रीय विद्यालय व कुछ निजी स्कूल खुल गए थे और अध्यापन कार्य शुरू किया गया है। कोर्स छूटने के भय से नौनिहाल भीषण गर्मी व उमस में स्कूल जाने को विवश थे। इसको लेकर अभिभावकों ने प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत भी की थी। जिस पर डीएम डॉ. अनिल कुमार ने रविवार को कक्षा आठ तक के सभी सरकारी, गैर सरकारी स्कूलों को तीस जून तक बंद करने का आदेश दिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमिता सिंह ने बताया कि कुछ स्कूल खुलने की शिकायत मिली थी, जिसको देखते हुए यह आदेश दिया गया है। आदेश का अनुपालन न करने वाले स्कूलों के खिलाफ छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य अमित श्रीवास्तव ने कहा कि डीएम के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। सोमवार से कक्षा 8 तक की कक्षाएं बंद रहेगी।