महंत नृत्यगोपाल दास के जन्मोत्सव में जुटेंगे पांच हजार भक्त
अयोध्या। रामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष श्रीमहंत नृत्यगोपाल दास जी महाराज के 80वें जन्मोत्सव का शुभारंभ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के मध्य आज से हो रहा है। महाराज श्री के जन्मोत्सव में देश विदेश से करीब पांच हजार संत-धर्माचार्यों एवं भक्तों का जमावड़ा होगा। जन्मोत्सव के क्रम में 25 व 26 जून को विराट संत सम्मेलन का आयोजन किया गया है। संत सम्मेलन में 25 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तो 26 जून को डिप्टी सीएमकेशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा मौजूद रहेंगे। संत सम्मेलन में राममंदिर सहित राष्ट्रहित से जुड़े तमाम विषयों पर चर्चा होगी।
जन्मोत्सव समारोह का शुभारंभ 18 जून को अपराह्न तीन बजे भानुपुरा पीठाधीश्वर ज.गु.शंकराचार्य स्वामी दिव्यानंद महाराज द्वारा किया जाएगा। इस दौरान अखिल भारतीय आचार्य सभा के अध्यक्ष स्वामी परमात्मानंद, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद विशेष रूप से उपिस्थत रहेंगे। जन्मोत्सव कार्यक्रम के संयोजक मणिरामदास छावनी के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास जी महाराज ने बताया कि नौ दिवसीय जन्मोत्सव कार्यक्रम की समस्त तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। 18 जून को सुबह 9 बजे मणिरामदास छावनी से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। अपराह्न तीन बजे स्वामी दिव्यानंद जी महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। प्रतिदिन कथाव्यास श्रीकृष्णचंद्र ठाकुर श्रीमद्भागवत कथा सुनाएंगे। उन्होंने बताया कि 25 जून को संत सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। साथ ही मध्यप्रदेश सरकार के उच्चशिक्षा मंत्री कुंवर जयभानु सिंह पवैया सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दिन ज.गु. श्रीरामानंदाचार्य स्वामी हंसदेवाचार्य, स्वामी ज्ञानदेव सिंह, युगपुरुष स्वामी परमानंद, साध्वी ऋतम्भरा, महंत अखिलेश्वरदास, ज.गु.शंकराचार्य नरेंद्रानंद सरस्वती समेत अन्य मौजूद रहेंगे। 26 जून को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा तथा विहिप उपाध्यक्ष चंपतराय सहित देश के प्रमुख संत-धर्माचार्य शामिल होंगे। विहिप के प्रांतीय मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने बताया कि महाराज श्री का जन्मोत्सव ‘धर्मकुंभ’ के समान होगा। जन्मोत्सव कार्यक्रम में देश की धार्मिक, सांस्कृतिक और समाजिक संगठनों के साथ ही राजनैतिक संगठन के शीर्ष महापुरुष जुट रहे हैं। यह अयोध्या में धार्मिक कुंभ के समान ही है, जिससे समाज एकसूत्र में बंधकर राष्ट्र को परम वैभव बनाने का संकल्प लेगा।