पावर कॉर्पोरेशन के एक्सईएन के खिलाफ करें कार्रवाई
फैजाबाद। सचिव बाल विकास एवं पुष्टाहार और जिले की नोडल अधिकारी अनीता सी. मेश्राम मिल्कीपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत चकनथा स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में चैापाल लगाकर लोगों से रु-ब-रू हुई। कार्यों का निरीक्षण किया। गांव में विद्युत आपूर्ति 8 से 9 घंटे हो रही है, जिसे सचिव ने सुधारने का निर्देश दिया। पावर कॉर्पोरेशन के एक्सईएन के चैापाल में अनुपस्थित पाए जाने पर डीएम डॉ. अनिल पाठक को कार्रवाई का निर्देश दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि जिन लोगों के राशन कार्ड है सभी को राशन मिल रहा है। राजस्व ग्राम चकनथा को कुपोषण मुक्त करने के लिए भूमि संरक्षण अधिकारी नोडल है। ग्राम की एक बच्ची अंजली पुत्री विजय कुमार कुपोषित है। इस पर उन्होंने उचित कार्रवाई करने को कहा। नोडल अधिकारी ने महिलाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए स्वयं सहायता समूहों का गठन करवाने पर जोर दिया। ग्राम के युवाओं को प्रशिक्षण व रोजगार उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिया। डीएम ने एक्सईएन ट्यूबेल का सरकारी नलकूप के लिए सर्वे कराने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि जिन परिवारों ने पूर्व में इंदिरा आवास के साथ शौचालय बनवाया और उनका शौचालय गिर गया है ग्राम सचिव उसका सर्वे कर कारण सहित लिस्ट शीघ्र ही परियोजना निदेशक को उपलब्ध कराएं। जिससे उन्हें शौचालय प्रदान किया जा सके। नोडल अधिकारी अनीता सी. मेश्राम ने ब्लॉक मिल्कीपुर के निरीक्षण के दौरान पेयजल की व्यवस्था ठीक कराने, खराब हैंडपंपों के रिबोर व मरम्मत का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने सीएचसी के निरीक्षण के दौरान पर्दे, बेड शीट, डिब्बे, उपकरणों की सफाई का निर्देश दिया। इस मौके पर सीडीओ अक्षय त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी हवलदार सिंह, परियोजना निदेशक एके मिश्र समेत अन्य अफसर मौजूद थे।