सिर्फ विषय तक सीमित न रहे छात्र : कुलपति
फैजाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के भौतिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में बुधवार को शिक्षक दिवस का आयोजन किया गया। छात्रों को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने कहा कि राधाकृष्णन विराट व्यक्तित्व के धनी थे। वे प्रवीण शिक्षक होने के साथ-साथ दार्शनिक एवं कुशल राजनेता भी रहे।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ज्ञान की वृहद एवं उच्च संस्था होती है और यहां विविध विषयों को जानने का अवसर उपलब्ध होता है। विद्यार्थियों को इस अवसर का लाभ उठाते हुए केवल विषय तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए अपितु विषयेत्तर आयोजनों में भी सहभागिता करनी चाहिए। व्यक्तित्व के विकास में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक ज्ञान की भी जरूरत होती है। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं राधाकृष्णन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. के के वर्मा एवं शिक्षक प्रो. आरके तिवारी, प्रो. एसएन शुक्ला, डॉ. अनुपम श्रीवास्तव, डॉ. नरेश चौधरी, डॉ. अनिल यादव व डॉ. गीतिका श्रीवास्तव सहित छात्र-छात्राओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।