विवि में नेचुरोपैथी व नाड़ी रसायन ओपीडी का शुभारंभ
फैजाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के योगोपचार विभाग एवं स्वास्थ्य केंद्र द्वारा विश्वविद्यालय के ध्यान केंद्र में नेचुरोपैथी एवं नाड़ी रसायन के ओपीडी का उद्घाटन बुधवार को कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने किया।
कहा कि आज खराब दिनचर्या के कारण ज्यादातर लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। हमें प्राकृतिक जीवन शैली अपनानी होगी। नाड़ी रोग विशेषज्ञ डॉ. वंशराज मौर्य ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए शारीरिक संतुलन बनाये रखना आवश्यक है।
नाड़ी रासायनिक परीक्षण का वह तरीका है जिससे मनुष्य की शारीरिक संरचना की जानकारी हो जाती है। योगोपचार विभाग के समन्वयक प्रो. एसएस मिश्र ने कहा कि नेचुरोपैथी प्राकृतिक देन है। यह एक वैज्ञानिक पद्धति है वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता बढ़ जाती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक डॉ. आलोक तिवारी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक प्रो. एमपी सिंह, मुख्य नियंता प्रो. आरएन राय, प्रो. एसके गर्ग, प्रो. आरके तिवारी, प्रो. अशोक शुक्ल, प्रो. केके वर्मा, प्रो. एसके रायजादा, समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।