ऐसे तो डीएम साहब आपका यहां रहना बेकार है
मवई (फैजाबाद)। दलित परिवार को न्याय व दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के साथ लापरवाह पुलिस अफसरों को ठीक प्रकार से सजा नहीं मिल सकी है। ऐसे में डीएम साहब, आपका यहां रहना बेकार है। यह तल्ख टिप्पणी गुरुवार को प्रभारी मंत्री व प्रदेश के उद्योग मंत्री सतीश महाना ने की।
वे बीते दिनों मवई क्षेत्र में दलित किशोरी की गैंगरेप के बाद की गई हत्या मामले में मृतका के परिवारीजनों से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने डीएम से पूछा कि लापरवाह पुलिस अफसरों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई? तब बताया गया कि सीओ धनंजय कुशवाहा को यहां से हटा दिया गया। मवई के थानेदार शमशेर सिंह व बाबा बाजार चौकी प्रभारी योगेंद्र मिश्र को लाइन हाजिर किया गया। इस पर प्रभारी मंत्री नाराज हो गये। उन्होंने कहा कि महज ट्रांसफर-पोस्टिंग ही कोई कार्रवाई नहीं होती है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और लापरवाह पुलिस अफसरों को सजा न मिले तो डीएम साहब, आपका यहां रहना बेकार है।
रमाबाई योजना के तहत मिलेंगे 10 लाख
दलित किशोरी की मौत के मामले में उनके परिवारीजनों को शीघ्र ही 10 लाख रुपये शासन द्वारा प्रदान किए जाएंगे। यह जानकारी क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव ने दी। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवारीजनों को रमाबाई योजना अंतर्गत 10 लाख की राहत राशि प्रदान की जाएगी।