21 हजार मातृ शक्तियों का हुआ सामूहिक दुरदुरिया
अमरगंज (फैजाबाद)। 21 हजार मातृ शक्तियों का सामूहिक दुरदुरिया अनुष्ठान समूचे समाज व क्षेत्र लिए निश्चित ही कल्याणकारी साबित होगा। ऐसे धार्मिक अनुष्ठान सामूहिकता एवं भारतीय संस्कृति को जागृत करते हैं। यह बातें प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने कही।
वे बतौर मुख्य अतिथि गुरुवार को संत भीखा दास आश्रम मोहली पर आयोजित दुरदुरिया अनुष्ठान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी धार्मिक अनुष्ठान हमारी संस्कृति एवं परंपरा के परिचायक है। विशिष्ट अतिथि समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने कहा मातृशक्ति बहुत बड़ी शक्ति है। जब पुरुष और माताएं मिलकर चतुर्भुजी हाथों से कोई काम करते हैं तो निश्चित मनोकामना पूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि जहां नारियों की पूजा एवं सम्मान होता है वहां देवताओं का वास होता है।
रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम ने समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। गोसाईगंज के भाजपा विधायक इंद्र प्रताप तिवारी ने कहा कि मेरे जीवन का यह पहला अवसर है जब इतनी भारी संख्या में माताओं के साथ धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला है। गोंडा के विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने कहा कि इतनी बड़ी भारी संख्या में मातृ शक्तियों का यह धार्मिक कार्यक्रम माताओं की आस्था का प्रतीक है। मिल्कीपुर के विधायक गोरखनाथ बाबा ने कार्यक्रम में पहुंचे प्रभारी मंत्री समेत अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री रमापति शास्त्री से इस कार्यक्रम को सरकार के कैलेंडर में शामिल करने की मांग की। दुरदुरिया कार्यक्रम के मुख्य आयोजक रामबाबू तिवारी व उनकी धर्मपत्नी रानी तिवारी ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं से आशीर्वाद प्राप्त कर उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में प्रमुख रुप से डीएम डॉ. अनिल कुमार पाठक,एसपी ग्रामीण संजय कुमार, एसडीएम मिल्कीपुर अरुण कुमार मिश्रा, सीओ अजय कुमार राय, पूर्व विधायक मथुरा प्रसाद तिवारी, जिला पंचायत सदस्य आरती प्रियदर्शी, डॉक्टर तृप्ति पांडे, देवेंद्र त्रिपाठी, राम सजीवन मिश्रा, महेश ओझा व व्यापारी नेता अरुण गुप्ता समेत बड़ी की संख्या में गणमान्य लोग व ग्रामीण मौजूद रहे।