दोपहर से शाम तक घंटों लगा रहा जाम
फैजाबाद। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर निकली भव्य शोभायात्रा के दौरान मंगलवार को समूचा शहर जाम से कराह उठा। तिपहिया-चौपहिया वाहन तो दूर, दोपहिया और साइकिल सवार तक जाम में फंसे रहे। जबकि शोभायात्रा के लिए एक लेन तय थी, मगर विपरीत लेन से गुजरे लोगों को भी जाम में फंसना पड़ा।
स्कूली बसें भी घंटों जाम में फंसी रहीं। दोपहर बाद सामूहिक विसर्जन में भक्तों की भीड़ के मद्देनजर आनन-फानन में चौक से रिकाबगंज तक जाने वाले सभी मार्गों पर बैरियर लगाकर रूट डायवर्जन किया गया। शहर के 43 गणेश पूजा पंडालों में स्थापित प्रतिमाओं का मंगलवार को विसर्जन होना था।
दोपहर से पहले गृहस्थ पूजा समिति समेत साहेबगंज और फतेहगंज की एक-एक प्रतिमाएं विसर्जन के लिए निकलीं तो यातायात पर कोई खास असर नहीं पड़ा। मगर अपराह्न तीन बजे जमुनियाबाग से 40 प्रतिमाओं का सामूहिक विसर्जन जुलूस निकला तो समूचा शहर थम सा गया।
जो जहां था, वहीं जाम में फंस गया। पुलिस ने चौक जाने वाले रीडगंज ओवरब्रिज के पास बैरियर लगाकर वाहनों का प्रवेश रोक दिया। इसी तरह फतेहंगज, नियावां, रिकाबगंज, साहेबगंज आदि मुख्य जगहों से चौक मार्ग पर बैरियर लगाकर पुलिस बल सतर्क हो गया।
कोतवाली से चौक, रिकाबगंज से चौक, नियावां चौराहा से रिकाबगंज चौराहा वाया जिला अस्पताल व महिला अस्पताल की ओर जाने वाले वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया। बाइक व साइकिल सवारों तक को शोभायात्रा मार्ग पर जाने से रोका गया।
विसर्जन के लिए एक लेन तय थी, मगर इस पटरी से भी जो गुजरा, वह जाम में फंस गया। तंग गलियाें में भी लोग काफी देर तक जाम में फंसे रहे। यही हाल रीडगंज और गुदड़ी बाजार से चौक की ओर जाने वालों का हुआ। लोग लायड गेट और राजकरन गली होकर निकलने लगे तो वहां भी जाम लग गया। जगह-जगह स्कूली बसों को जाम में घंटों फंसना पड़ा।
इससे मासूमों का हाल बेहाल रहा। जाम से निजात तभी मिली जब शोभायात्रा क्षेत्रों से गुजर गई। एसपी सिटी अनिल सिसौदिया ने बताया कि, सामूहिक शोभायात्रा में भीड़ काफी अधिक थी, एक लेन तय थी, मगर नाचते-गाते लोग पूरी सड़क जाम किए रहे। बाहर से वाहनों का प्रवेश रोककर रूट डायवर्जन किया गया था।