अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या में मां जानकी का जन्म उत्सव बड़े ही उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
छोटी देवकाली, कनक भवन सहित राम नगरी के अन्य मंदिरों में जानकी नवमी उत्सव का उल्लास है। विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संचालित हो रहे हैं।
मुक्त वैशाख शुक्ल पूर्णिमा 13 मई को माता जानकी का प्राकट्य उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसको लेकर तैयारियां तेज हो गई है।
शक्तिपीठ मां छोटी देवकाली मंदिर के साथ कई मंदिरों में मां जानकी जन्म उत्सव को लेकर विभिन्न प्रकार के आयोजन शुरू हो चुके हैं।
मां जानकी द्वारा स्थापित मां छोटी देवकाली मंदिर में भी सैकड़ों वर्षों से यह उत्सव परंपरागत रूप से मनाया जाता रहा है। इस वर्ष भी मां छोटी देवकाली मंदिर में नव दिवसीय आयोजन शुरू हो चुका है।
वैशाख शुक्ल अष्टमी, 12 मई को विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। नवमी पर 13 मई को मां जानकी जन्म उत्सव पर भव्य झांकी के बाद महाआरती होगी।
अयोध्या के विभिन्न मंदिरों में चल रहे इस आयोजन को लेकर मां जानकी की जन्म स्थान सीतामढ़ी से भी लोग अयोध्या पहुंचते हैं।
छोटी देवकाली समाज समिति के महामंत्री राजेंद्र सिंह ने बताया कि मां जानकी जन्मोत्सव इस बार 84 वर्ष पूरे हो रहे हैं। प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी 9 दिवसीय आयोजन में दुर्गा सप्तशती पाठ, भगवान श्री राम नाम पाठ के साथ शोभायात्रा व झांकी भी निकाली जाएगी।
वहीं जनक नंदिनी मां जानकी के प्राकट्य उत्सव को लेकर राम नगरी के प्रतिष्ठित कनक भवन में उत्सव का आयोजन भी गुरुवार से शुरू हुआ।
वैशाख शुक्ल पूर्णिमा तक चलने वाले उत्सव के क्रम में प्रतिदिन शाम को बधाई गीत सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो चुके हैं 13 मई को मुख्य पर्व पर दोपहर 12 बजे देवी मां का प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा।
इसके बाद महाआरती होगी। पंचामृत अभिषेक के बाद पुन: शृंगार व आरती होगी। इसी प्रकार राम नगरी के श्री राम वल्लभा कुंज, सियाराम किला झुनकी घाट, मणिराम दास की छावनी सहित अन्य मंदिरों में भी जानकी जन्मोत्सव का उल्लास छाया हुआ है।