नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन आज
अयोध्या। लोकसभा चुनाव-2019 की नामांकन प्रक्रिया में नामांकन पत्रों की वापसी आज (22 अप्रैल को) होगी। फैजाबाद संसदीय सीट के लिए 14 प्रत्याशियों के पर्चे वैध पाए गए हैं। वहीं मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने ऐसे 400 बूथों को चिह्नित किया है।
जहां बहुत कम मतदान हुआ था। ऐसे बूथों पर मतदाताओं को प्रेरित करके बूथ तक पहुंचाने के लिए मतदाता मित्र तैनात किए जाएंगे। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज कुमार झा ने बताया कि 22 अप्रैल को न्यायालय जिला मजिस्ट्रेट कक्ष में वैध पाए गए अभ्यर्थियों को नाम वापसी की प्रक्रिया अपराह्न तीन बजे तक होगी।
इसके ठीक बाद वैध अभ्यर्थियों को प्रतीक चिह्न आवंटन की कार्रवाई की जाएगी। बताया कि प्रत्याशी स्वयं अथवा उनके द्वारा अधिकृत व्यक्ति नियत तिथि व समय पर उपस्थित होकर प्रतीक चुनाव चिह्न प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज कुमार झा ने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सार्थक प्रयास की जरूरत है। अब से लेकर 6 मई तक स्वीप कार्यक्रम में तेजी लाने की जरूरत है।
मतदान प्रतिशत 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 70 प्रतिशत तक पहुंचाना है। हम सभी का यह प्रयास होना चाहिए मतदान के दिन कोई मतदाता छूटने न पाये। उस दिन सभी मतदाताओं को बूथ तक लाने का हर प्रयास किया जाना चाहिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 20 प्रतिशत लगभग 400 बूथों को चिह्नित किया गया है, जहां मतदान का प्रतिशत बहुत कम है। ऐसे बूथों पर छूटे हुए महिला मतदाता को बूथ तक लाने के लिए महिला मतदाता मित्र को लगाया जा रहा है।
इसी प्रकार दिव्यांग वोटर को लाने हेतु उस ग्रामसभा के रोजगार सेवक को लगाया गया है जो दिव्यांग मतदाता को अपने साथ बूथ पर लाएंगे। आवश्यकतानुसार ट्राई साइकिल या अन्य सुविधाएं प्रदान कर प्राथमिकता पर मतदान कराया जायेगा। इसके साथ ही हर बूथ पर छूटे हुए मतदाता को बूथ तक लाने हेतु बुलावा टीम गठित किया जा रहा है।