मुख्य परीक्षा के लिए विवि करेगा रक्षक एप का इस्तेमाल
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय सत्र 2019 की मुख्य परीक्षाओं की सूचना छात्र-छात्राओं तक पहुंचाने के लिए रक्षक मोबाइल एप का इस्तेमाल करेगा। इसकी तैयारियां विवि प्रशासन की ओर से पूर्ण कर ली गई हैं।
अवध विवि की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू हो रही हैं। इसमें आठ जनपदों के पांच लाख से अधिक विद्यार्थियों को भाग लेना है। विवि अभी तक सीधे तौर पर महाविद्यालयों को सूचनाएं भेज विद्यार्थियों तक प्रेषित करता था।
विवि की अधिकारिक वेबसाइट इसमें महती भूमिका अदा करती थी। इस बार की परीक्षा में विवि प्रशासन ने सीधे तौर पर अपनी पहुंच विद्यार्थियों तक बनाने का निर्णय लिया था।
विवि कैंपस की एंटी रेंगिग के लिय बना रक्षक को सूचनाओं के आदान-प्रदान का जरिया बनाया गया है। प्रतिकुलपति प्रो. एसएन शुक्ला बताते हैं कि अभी रक्षक एप में एक नया फीचर नोटिस बोर्ड जोड़ा गया है।
इसमें विवि की ओर से परीक्षा की तिथि में परिवर्तन, परीक्षा के समय, परीक्षा की स्कीम सहित परीक्षा के संबंध के समस्त विवि की ओर से जारी निर्देश डाले जाएंगे। इससे छात्र सीधे तौर पर अपने मोबाइल में मुख्य परीक्षाओं की सूचनाओं से अपडेट हो सकेंगे।
इस सुविधा के लिए छात्रों को अपने स्मार्टफोन पर रक्षक एप डाउनलोड करना होगा। रक्षक एप को छात्रों के लगभग तीन लाख यूआईएनकोड से जोड़ दिया गया है।
विश्वविद्यालय की परीक्षा संबंधित सूचनायें छात्र को इस एप के माध्यम से उसके मोबाइल पर प्राप्त हो सकेगी। साथ ही छात्र-छात्राएं परीक्षा केंद्रों पर होने वाली किसी घटना का फीडबैक सीधे विश्वविद्यालय को भेज सकेंगे। ब्यूरो