स्नातक व परास्नातक की छूटी हुई प्रायोगिक व मौखिक परीक्षाएं 5 जून से
फैजाबाद। अवध विश्वविद्यालय के वर्ष 2018 की स्नातक व परास्नातक स्तर की छूटी हुई विभिन्न विषयों की मौखिकी व प्रायोगिक परीक्षाएं 5 से 8 जून तक होगी। परीक्षा नियंत्रक एसएल पाल ने बताया कि इस परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति उन्हीं छात्र-छात्राओं को दी जाएगी, जिनका आवेदन-पत्र प्राचार्य द्वारा अग्रसारित होगा एवं विश्वविद्यालय में निर्धारित शुल्क जमा किया होगा। बताया कि इसके उपरांत किसी भी दशा में छूटी हुई परीक्षा नहीं कराई जाएगी।
बताया कि 5 जून को पूर्वाह्न 11 बजे से कृषि विषय की परीक्षाएं नंदिनी नगर पीजी कॉलेज नवाबगंज, गोंडा में होगी। जबकि बायोकेमेस्ट्री, रसायन विज्ञान, सैन्य विज्ञान, हिंदी, उर्दू व प्रयोजन मूलक हिंदी विषय की परीक्षाएं साकेत महाविद्यालय अयोध्या में होगी। 6 जून को इलेक्ट्रॉनिक्स, भौतिक विज्ञान, कंप्यूटर एप्लीकेशन, वनस्पति विज्ञान, मनोविज्ञान, चित्रकला, माइक्रोबायोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, शारीरिक शिक्षा, बीपीई, अंग्रेजी, शिक्षाशास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र व फारेन ट्रेड विषय की परीक्षाएं साकेत महाविद्यालय में होगी। इसी क्रम में 7 जून को पर्यावरण विज्ञान, प्राणि विज्ञान, गृह विज्ञान (कला संकाय), संगीत, (गायन तथा वादन) राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, दर्शनशास्त्र, बीकॉम, एमकॉम ऑफिस मैनेजमेंट तथा 8 जून को भूगोल, प्राचीन इतिहास, मध्यकालीन इतिहास, संस्कृति आर्कियोलॉजी एवं म्यूजियोलॉजी विषय की परीक्षाएं साकेत महाविद्यालय में होगी।