14 इंटर और डिग्री कॉलेजों में रुकेगी पुलिस फोर्स
अयोध्या। फैजाबाद लोकसभा चुनाव 2019 का मतदान 6 मई को होना है। इसको सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसके लिए बाहर से अर्धसैनिक बल, पीएसी, राज्य सशस्त्र बल, पुलिस व होमगार्ड के जवान बुलाए जा रहे हैं।
इनको ठहराने के लिए जिले भर में 14 इंटर व डिग्री कॉलेजों को चिह्नित किया गया है। यहां पर विद्युत, पेयजल, शौचालय समेत अन्य इंतजाम कराए जा रहे हैं। जगह कम पड़ने पर गेस्ट हाउस व धर्मशालाओं को भी लिया जाएगा।
फैजाबाद लोकसभा में जिले की चार विधानसभा अयोध्या, बीकापुर, रुदौली व मिल्कीपुर आती हैं। जबकि गोसाईगंज विधानसभा अंबेडकरनगर लोकसभा क्षेत्र में आती है। इनमें फैजाबाद में 6 मई को जबकि अंबेडकरनगर में 12 मई को चुनाव होना है।
चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए 13 कंपनी अर्धसैनिक बल समेत पीएसी, राज्य सशस्त्र बल, पुलिस, जीआरपी व होमगार्ड के जवान आ रहे हैं। इन फोर्सों की आमद 1 मई से शुरू हो जाएगी, इनको ठहराने के जिले भर में 14 स्कूल चिह्नित किए गए हैं।
इनमें इंटर व डिग्री कॉलेज शामिल हैं। वहीं, जगह कम पड़ने पर अन्य स्कूलों के अलावा गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं को भी लिया जा सकता है। चिह्नित स्कूलों में विद्युत, पेयजल, शौचालय समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया ने बताया कि चिह्नित विद्यालयों में नगर निगम व डीपीआरओ के सहयोग से अस्थाई शौचालय, कमरों में प्रकाश व पंखे व स्नान व पेयजल समेत अन्य इंतजाम किए जा रहे हैं।
इनमें अधिकारियों व महिला पुलिस के ठहरने के लिए अलग इंतजाम होगा। फैजाबाद लोकसभा सीट के लिए जिले की चार विधानसभा सीटों पर 6 को जबकि अंबेडकरनगर लोकसभा में शामिल एक विधानसभा सीट पर 12 मई को मतदान होगा।
डीआईओएस आरबी सिंह चौहान ने बताया कि प्रशासन को स्कूलों का एक हिस्सा उपलब्ध कराया जा रहा है, इससे पढ़ाई बाधित नहीं होगी, मतदान दिवस को छोड़कर अन्य दिवस पठन पाठन जारी रहेगा।