दो अवैध पिस्टल समेत एक युवक गिरफ्तार
फरक्का एक्सप्रेस से जा रहा था दिल्ली हथियार सप्लाई करने
अमर उजाला ब्यूरो
फैजाबाद। रेलवे जंक्शन पर रूटीन चेकिंग के दौरान बुधवार शाम जीआरपी ने एक असलहा तस्करी गिरोह के सदस्य को धर दबोचा। उसके पास से 0.32 बोर की दो अवैध पिस्टल समेत 4 मैगजीन व 14 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पकड़े गए आरोपी की पहचान गुलाम मुर्तजा पुत्र नूरूल होदा निवासी जगदीशपुर थाना कालिया चक्र जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के तौर पर हुई है। जीआरपी थाना प्रभारी दिनेश कुमार वर्मा ने बताया कि बुधवार की शाम फरक्का एक्सप्रेस करीब 4:45 पर जंक्शन पर आई। इस दौरान एक युवक नीचे उतरा और टहलने लगा। रुटीन चेकिंग कर रही जीआरपी की टीम को देखकर वह वापस ट्रेन में चढ़ने लगा, तो पुलिस को उस पर शक हुआ। उसे रोक कर पूछताछ की जाने लगी। जब जामा तलाशी हुई तो उसके पास से अवैध हथियार बरामद हुआ। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह ये हथियार दिल्ली में किसी को बेचने जा रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से ये पता लगा रही है कि वो कब से हथियार तस्करी कर रहा है, उसके गिरोह में कौन-कौन है और दिल्ली में किसे अवैध हथियार देने जा रहा था।