अयोध्या। माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल व इंटरमीडियट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य तीन केंद्रों पर पूर्ण हो चुका है। एक केंद्र पर अभी 3370 कॉपियां मूल्यांकन के लिए शेष हैं, जो रविवार को पूर्ण होने की संभावना है।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद बीते आठ मार्च से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू होना था। जिले के चार केंद्रों राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, एमएलएमएल इंटर कॉलेज व फाबर्स इंटर कॉलेज पर करीब पांच लाख उत्तर पुस्तिकाएं आवंटित हुई थीं, जिसमें से जांच के लिए करीब 4.54 लाख कॉपियां प्राप्त हुईं।
टीजीटी की परीक्षा होने के कारण दो दिन बाद दस मार्च से मूल्यांकन कार्य शुरू हुआ, जो कि अब तक लगभग समाप्त हो चुका है। शनिवार को एमएलएमएल इंटर कॉलेज को छोड़कर शेष सभी केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य समाप्त हो गया है।
जीजीआईसी की प्रधानाचार्या सुनीललता ने बताया कि कुल आवंटित 1.20 लाख कॉपियों में से 1.07 कॉपियां प्राप्त हुई थीं। समस्त कॉपियों का मूल्यांकन पूर्ण हो चुका है। जीआईसी के प्रधानाचार्य एसएन तिवारी ने बताया कि शनिवार को 3043 कॉपियां चेक हुईं। इसके साथ ही मूल्यांकन कार्य समाप्त हो गया है।
फाबर्स इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रेयाल अहमद ने बताया कि कुल 112524 कॉपियां मूल्यांकन के लिए आवंटित हुई थीं। शनिवार को 5999 कॉपियां चेक करके मूल्यांकन समाप्त हुआ। एमएलएमएल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अशोक तिवारी ने बताया कि 1.31 लाख कॉपियां आवंटित हुई थीं। शनिवार को छह हजार कॉपियां चेक की गई हैं। अभी 3370 कॉपियां जांचना शेष है।