अयोध्या में अज्ञात युवक की गला काटकर हत्या
अयोध्या। थाना रामजन्मभूमि अंतर्गत विवादित परिसर से कुछ ही दूरी पर झाड़ियाें में एक युवक की गला काटकर हत्या कर दी गई। लोगों ने शुक्रवार सुबह क्षत-विक्षत शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। युवक के गरदन व चेहरे पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे। मौके पर एसएसपी समेत आला अधिकारी पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की। मृतक की शिनाख्त शाम तक नहीं हो पाई, सिर्फ मंडी के एक ठेकेदार ने इतना बताया कि मंडी में युवक मजदूरी करता रहा है, लेकिन इसका नाम-पता नहीं मालूम है।
थाना रामजन्मभूमि स्थित विभीषण कुंड इलाके में हरिदास नगर कॉलोनी की तरफ जाने वाली सड़क के बाएं हाथ झाड़ियों में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने एक युवक का क्षत विक्षत शव पड़ा देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर थानाध्यक्ष रामजन्मभूमि राजीव सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। बताया कि युवक की उम्र करीब 32 वर्ष के आसपास है। उसके चेहरे व गर्दन पर तेज धारदार हथियार से हमले के निशान हैं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास झाड़ियों में तलाशी ली लेकिन कुछ नहीं मिला।
घटना की जानकारी होने पर एसएसपी सुभाष सिंह बघेल, एसपी सिटी अनिल सिंह सिसौदिया, क्षेत्राधिकारी अयोध्या राजू कुमार साव समेत फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच की। थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। कुछ लोगों से पूछताछ के आधार पर मृतक के मजदूर होने की पुष्टि हुई है। वह गजेंद्र चौराहे पर मजदूर मंडी में काम की तलाश के लिए आता था, लेकिन अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।